अमित शाह के इस्तीफे पर अड़ी कांग्रेस
संसद के बाद सड़क पर प्रदर्शन की तैयारी
नई दिल्ली: कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर नया प्लान तैयार किया है। पार्टी 24 दिसंबर तक देशभर में अलग-अलग तरीके से प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने मीडिया को बताया कि अमित शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर कब-कब क्या-क्या किया जाएगा। पवन खेड़ा ने कहा कि 22 और 23 दिसंबर को 150 से अधिक शहरों में कांग्रेस के लोकसभा और राज्यसभा के सांसद, सीडब्ल्यूसी सदस्य प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग करेंगे। उन्होंने बताया कि जिस तरह से उन्होंने बाबासाहेब अंबेडकर का अपमान किया है, उसकी निंदा करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस 24 दिसंबर को देशभर में मार्च निकालेगी। पवन खेड़ा ने कहा कि हम अपने जिला मुख्यालयों पर मार्च निकालेंगे और कलेक्टरों को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन देंगे। उसमें भी अमित शाह के इस्तीफे की अपनी मांग दोहराएंगे। आज संसद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भाषण के खिलाफ जयपुर में कांग्रेस नेताओं ने भारी प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन कर रहे भारतीय युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि संसद में जो प्रकरण हो रहा है, सत्ता पक्ष जिस प्रकार से बाबा साहब को अपमानित करने का काम कर रहा है, वो दुर्भाग्यपूर्ण है। गृह मंत्री जी अंबेडकर साहब के प्रति जो भाव रखते हैं, सदन के अंदर वो उनकी जुबान पर आ गए हैं।पूरी भाजपा को माफी मांगनी चाहिए। पूरे देश में आज लोग आंदोलन कर रहे हैं। देश में पहली बार संसद के अंदर सत्ताधारी पक्ष के सांसदों ने उन्माद किया है। राहुल गांधी-मल्लिकार्जुन खरगे को संसद में जाने से रोका गया और ऊपर से झूठे केस भी दर्ज करवाए गए। ये जो नाटक है वो केवल भाजपा अपनी खाल बचाने के लिए कर रही है। राहुल गांधी को टारगेट करके वे अपनी जान बचाने और जनता का ध्यान बांटने का काम कर रहे हैं।
