चुनाव से पहले ही कांग्रेस ने मानी हार: अनुराग ठाकुर
कहा, भ्रष्टाचारी कांग्रेस ने आपदा में भी किया भाई-भतीजावाद
शिमला : केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज हिमाचल प्रदेश में कांग्रेसियों के बयान बाजी का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस में शीर्ष नेतृत्व से लेकर नीचे तक पढ़ने लिखने की आदत नहीं है इसीलिए उन्हें भाजपा का विकास और अपना भ्रष्टाचार नहीं दिखता। हमने मात्र 1 वर्ष में 20 हजार ग्रामीण आवास मंजूर कराए हैं। आपदा के समय त्वरित तौर पर ₹1762 करोड़ दिए गए। हमने मनरेगा में भी अलग से पैसे दिए लेकिन कांग्रेस ने तिरपाल बांटने में भी बंदर बांट करते हुए यह देखा कि कौन कांग्रेस का है कौन बीजेपी का है। कांग्रेसी नेताओं ने तिरपाल बँटाई में भी भाई-भतीजावाद को प्राथमिकता दी। इन्होंने खुद तो आपदा पीड़ितों के लिए कुछ नहीं किया और केंद्र से मिली मदद का भी उपयोग नहीं कर पाए। अनुराग ठाकुर आज सर्वप्रथम ऊना और हरोली मंडल के पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन में गए और उसके पश्चात धुसाड़ा में एक स्थानीय सम्मेलन में शामिल हुए। अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि आज चुनाव परिणाम से पहले हीं कांग्रेस पार्टी हार मान चुकी है इसलिए वह कभी ईवीएम तो कभी इलेक्शन कमीशन तो कभी कुछ और पर ठीकरा फोड़ रहे हैं। कांग्रेस तो झूठ, भय और भ्रष्टाचार से आगे बढ़कर अब डीप फेक का उपयोग कर रही है। कांग्रेस की देश विरोधी नीतियों का आलम यह है कि आज उन्हें समर्थन भारत से नहीं बल्कि पाकिस्तान से मिल रहा है। विदेशी ताक़तें कांग्रेस से अपनी उम्मीदें लगाए बैठी हैं लेकिन भारतीय जनता अब कांग्रेस के हाथों में देश कभी नहीं देगी। यह वही कांग्रेस है जो सैन्य खरीद में भी भ्रष्टाचार करती है। यह वही कांग्रेस है जो सेना को कमजोर बनाना चाहती है। यह वही कांग्रेस है जो सेना के पराक्रम पर सवाल उठाती है और कसाब जैसे आतंकवादी के पकड़े जाने के बाद भी पाकिस्तान पर कोई कार्रवाई नहीं करती है।”
