देश को आगे बढ़ाने में योगदान दें आम नागरिक
बाढड़ा, बाढड़ा उपमंडल में आज आजादी का 77 वां जश्न धूमधाम के साथ मनाया गया। स्थानीय राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में आयोजित हुए समारोह में अटेली के विधायक सीताराम यादव ने मुख्य अतिथि के तौर परेड की सलामी ली और तिरंगा झंडा फहराया।
आज सुबह सर्वप्रथम विधायक सीताराम यादव ने एसडीएम डा. विरेंद्र सिंह के साथ क्रांतिकारी चौक, शहीद हुए वीर सैनिकों और नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें प्रणाम किया। मॉडल संस्कृति स्कूल परिसर में पहुंचकर उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और खुली जीप से मार्चपास्ट का निरीक्षण किया। उनके साथ डीएसपी देशराज सिंह मौजूद रहे। मैदान में हरियाणा पुलिस की महिला व पुरूष टुकड़ी, एनसीसी कैडेट्स और होमगार्ड के जवानों ने शानदार परेड करते हुए तिरंगे झंडे को सलामी दी। एएसआई विशाल ने परेड का नेतृत्व किया। विधायक सीताराम यादव ने इस अवसर पर कहा कि आजाद भारत 75 साल पूरे कर चुका है और यह समय हमारे लिए अब सोचने का है कि देश को आगे कैसे लेकर जाएं। अभी तक हमने जो यात्रा की है, उससे भारत की दुनिया में साख तो बढ़ी है, लेकिन वह पूर्णतया विकसित राष्ट्र की गणना में शामिल नहीं हुआ। इसलिए सभी लोग देश की भलाई के बारे में सोचें तथा सामाजिक बुराईयों को मिटाने के लिए एकजुट हों। उन्होंने कहा कि बाढड़ा क्षेत्र में भी क्रांति के स्वर फूटे थे और यहां के युवाओं ने प्रजामंडल आंदोलन में बढ़-चढक़र भाग लिया। जिसके दम पर जींद महाराज को शासन छोडऩा पड़ा। उन्होंने कहा कि वीर शहीदों के रास्ते पर चलकर ही हम देश के लिए निज हितों का बलिदान कर सकते हैं।
इस अवसर पर बाढड़ा और आसपास की शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थियों ने मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि विधायक सीताराम यादव ने उपमंडल में सराहनीय कार्य करने वाले कर्मचारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस मौके पर नायब तहसीलदार अमरनाथ, बीडीपीओ मनोज कुमार, बाढड़ा पंचायत समिति की चेयरमैन दर्शना देवी, आनंद फौजी, बीईओ जलकरण, कालेज प्राचार्य सूबे सिंह, स्कूल प्राचार्य योगेश, प्रीतम, एसडीओ रामपाल, अमित जाखड़, सतपाल, एसएचओ कप्तान सिंह, एसईपीओ अशोक कुमार, राकेश कुमार, सुभाष स्टेनो, मा. शमशेर सिंह, वेदकौर आर्यनगर, पूर्व चेयरमैन चंद्रपाल इत्यादि मौजूद रहे।
