हिमाचल के 6 जिलों में शीत लहर का अलर्ट
शिमला: हिमाचल प्रदेश के चार जिलों में शीत लहर का ऑरेंज अलर्ट और दो जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने दोपहर बाद ताजा बुलेटिन जारी कर ऊना,हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी जिला में ज्यादा शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। उधर कांगड़ा और कुल्लू के कुछ क्षेत्रों में भी शीत लहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जाहिर है कि शीतलहर बढ़ने से मैदानी इलाकों में सुबह-शाम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ेगी। इसे देखते हुए स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को मोटे और सूती वस्त्र पहनने, सुबह-शाम ठंड के दौरान घर से जरूरत पड़ने पर ही बाहर निकालने और बीमार लोगों पर ज्यादा ध्यान देने की भी एडवाइजरी जारी की गई है। इसके अलावा एडवाइजरी में लोगों को विटामिन सी वाले फल अधिक खाने की भी सलाह दी गई है। आमतौर पर सर्दियों के मौसम में अधिक ऊंचे और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में कड़ाके की सर्दी पड़ती थी मगर इस बार मैदानी इलाकों में ज्यादा ठंड पड़ रही है। ऊंचे और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में अधिकतम तापमान में असामान्य उछाल आ रहा है।
