आपदा प्रबंधन को लेकर सीएम नायब सिंह सैनी ने डीसी-एसपी के साथ की वीसी
जिला प्रशासन महेंद्रगढ़ अलर्ट मोड पर : डीसी डॉ विवेक भारती
जिला में आपदा प्रबंधन प्लान पूरी तरह से तैयार
ग्राम पंचायत स्तर पर सिविल डिफेंस वालंटियर को दिया जा रहा प्रशिक्षण
नारनौल। आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के सभी उपायुक्त तथा पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करके किसी भी प्रकार की आपदा की स्थिति से निपटने के लिए सभी प्रकार के प्रबंध करने के निर्देश दिए। जिला महेंद्रगढ़ में इस संबंध में की गई तैयारी के संबंध में उपायुक्त डॉ विवेक भारती ने जिला में मौजूद संसाधनों के बारे में विस्तार के साथ जानकारी दी। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ भी मौजूद थीं।
इसके बाद डीसी ने अधिकारियों की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि हरियाणा सरकार के आदेश अनुसार सभी अधिकारी स्टेशन मेंटेन करेंगे। छुट्टी पर गए अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टियां तुरंत प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं। वे अपनी ड्यूटी पर आना सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है तथा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी व कर्मचारी अपने मोबाइल फोन चालू रखें। इसके अलावा सभी विभाग अपने लैंडलाइन फोन को तुरंत प्रभाव से ठीक कराएं तथा इसकी अपडेटेड सूची भेजें। जिला में आपदा प्रबंधन प्लान पूरी तरह तैयार कर लिया गया है।
उन्होंने बताया जिले में खाद्य सामग्री, दवाइयां, पेयजल और अन्य चीजों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। जमाखोरी पर जिला प्रशासन की कड़ी नजर है।
उन्होंने बताया कि जिला सचिवालय समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों की पहचान की गई है, जहां सायरन बजाकर लोगों को सतर्क किया जाएगा। इसी प्रकार ग्राम पंचायत स्तर पर भी सायरन लगाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी गुरुद्वारों व धार्मिक स्थलों पर सायरन बजाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि फिलहाल रेड क्रॉस में 534 वालंटियर है। इन सभी को फर्स्ट एड का प्रशिक्षण दिया गया है। इसी प्रकार जिला में स्कूल कॉलेज में एनएसएस तथा एनसीसी के बच्चों की लगातार मॉक ड्रिल कराई जा रही है।
इसी प्रकार ग्राम स्तर तक सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स, बिजली पानी से संबंधित कर्मचारी, पूरी ग्राम पंचायत, चौकीदार, सायरन बजने वाला व्यक्ति तथा चिकित्सीय स्टाफ का पूरा कम्युनिकेशन प्लान तैयार कर लिया गया है। इन सभी को संबंधित बीडीपीओ की देखरेख में आज से ही आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण ग्राम स्तर पर ही दिया जा रहा है।
