तीन लाख 76 हजार बच्चों व महिलाओं को खिलाई एल्बेंडाजोल गोली: सिविल सर्जन डॉ ब्रह्मदीप सिंह
झज्जर, सिविल सर्जन डॉ ब्रह्मदीप सिंह ने बताया कि डीसी कैप्टन शक्ति सिंह के दिशा निर्देशन में कृमि रोगों से मुक्ति के लिए आयोजित राष्ट्रीय कृमि दिवस के तहत आयोजित साप्ताहिक कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग में बच्चों को दवाई खिलाई गई। 15 फरवरी से आरंभ हुए 15वें कृमि दिवस को पूरे सप्ताह मनाया गया व संबंधित डॉक्टरों व अधिकारियों द्वारा विभिन्न स्थानों पर जाकर दवाई खिलाई गई व कृमि रोगों को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
सिविल सर्जन डॉ ब्रह्मदीप सिंह ने बताया कि मॉप-अप दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत 1-2 वर्ष के बच्चों के लिए एल्बेंडाजोल टेबलेट की खुराक आधा टैबलेट, 3-19 वर्ष के बच्चों के लिए एक टेबलेट, प्रजनन आयु वर्ग (20-24 वर्ष) वाली महिलाओं (गैर-गर्भवती और गैर-स्तनपान कराने वाली महिलाओं ) के लिए एक टेबलेट खिलाई गई। उन्होंने बताया कि जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 97.98 फीसद टारगेट पूरा कर लिया गया। जिले में गई पेट के कीड़े मारने वाली एल्बेंडाजोल गोली विभिन्न आयु वर्गों में 3 लाख 76 हजार 386 बच्चों व महिलाओं को खिलाई गई। सिविल सर्जन ने बताया कि कृमि रोगों को लेकर जागरूकता फैलाने का कार्य भी किया गया। उन्होंने बताया कि जिले में 3 लाख 84 हजार 137 बच्चों व महिलाओं को पेट के कीड़े मारने वाली एल्बेंडाजोल गोली खिलाने का लक्ष्य रखा गया था और विभाग द्वारा 97 .98 फीसद लक्ष्य को हासिल कर लिया गया।
