February 20, 2026

मुख्यमंत्री द्वारा कंडी क्षेत्र के लोगों को तोहफ़ा; पी.ए.यू. का पहला कृषि कॉलेज किया लोगों को समर्पित  

क्षेत्र में कृषि को बढ़ावा देकर लोगों के जीवन को बदलना इस कदम का उद्देश्य 

बल्लोवाल सौंखड़ी (शहीद भगत सिंह नगर), 16 मार्च:

राज्य के कंडी क्षेत्र में कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान ने आज पंजाब कृषि यूनिवर्सिटी (पी.ए.यू.) का कृषि कॉलेज लोगों को समर्पित किया।  

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कॉलेज की स्थापना पी.ए.यू. द्वारा राज्य सरकार के सहयोग के साथ की गई है। उन्होंने आगे कहा कि यह कॉलेज पी.ए.यू. का पहला कॉलेज है जो यूनिवर्सिटी कैंपस के बाहर स्थापित किया गया है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य इस क्षेत्र में कृषि को बढ़ावा देना है क्योंकि यह क्षेत्र कुछ परिस्थितियों के कारण राज्य के बाकी हिस्सों की अपेक्षा पिछड़ा रह गया है।  

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कॉलेज के खुलने से जहाँ एक ओर कृषि को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर नौजवानों के लिए रोजग़ार के नए रास्ते भी खुलेंगे। उन्होंने बताया कि इस कॉलेज में विद्यार्थी बी.एस.सी. एग्रीकल्चर की चार वर्षीय डिग्री कोर्स में दाखि़ला ले सकेंगे और हर साल इस डिग्री कोर्स में 120 विद्यार्थी दाखि़ला ले सकते हैं। भगवंत सिंह मान ने बताया कि राज्य सरकार ने कॉलेज के लिए 50 करोड़ रुपए का बजट रखा है, जिसमें से 35 करोड़ रुपए कैंपस में इमारतों के निर्माण के लिए और बाकी की राशि आने वाले पाँच सालों के लिए वेतन देने के लिए इस्तेमाल की जाएगी।  

मुख्यमंत्री ने अफ़सोस ज़ाहिर करते हुए कहा पिछली राज्य सरकारों की लापरवाही के कारण यह क्षेत्र विकास के पक्ष से पीछे रह गया है। भगवंत सिंह मान ने आगे कहा कि राज्य सरकार प्राकृतिक संसाधनों की भरमार वाले इस क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रही है। उन्होंने आगे कहा कि लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिए इस क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना समय की ज़रूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *