मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अचानक तबियत बिगड़ी, आईजीएमसी में भर्ती
शि. प. हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की तबीयत अचानक बिगड़ने के कारण उन्हें बीती रात इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला में भर्ती कराया गया है। उन्हें रात में अचानक पेट में तेज दर्द हुआ जिसके उपरान्त मुख्यमंत्री आधी रात लगभग 2:30 बजे इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला पहुंचे जहां पर वे डॉक्टरों की टीम की निगरानी में है। बताया जा रहा है कि रात करीब 11:00 बजे उनके पेट में दर्द हुआ जिसके उपरांत उन्होंने घर पर ही चिकित्सकों की सलाह पर दवाई भी ली लेकिन उन्हें आराम नहीं मिला। तब मुख्यमंत्री को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला ले जाया गया। मुख्यमंत्री के पेट में इंफेक्शन बताया जा रहा है। इससे पहले जून माह के आखिरी सप्ताह में भी मुख्यमंत्री के पेट में दर्द होने के कारण उन्होंने चंडीगढ़ के एक निजी अस्पताल में उपचार करवाया गया था। उस दौरान उन्होंने चंडीगढ़ अस्पताल में उपचार लेने के बाद तीन-चार दिन तक चंडीगढ़ में रह कर स्वास्थ्य लाभ लिया था। गत दिवस मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बिलासपुर में आपदा प्रभावितों को स्पेशल पैकेज के तहत राहत प्रदान करने के उपरांत शाम को शिमला लौटे थे। तब तक वह पूरी तरह स्वस्थ थे लेकिन रात को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
