मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सेहत में सुधार नहीं, एम्स दिल्ली रेफर किए गए
शि. प. हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की तबीयत में सुधार न होने के कारण उन्हें एआईआईएमएस दिल्ली रेफर किया गया है। मुख्यमंत्री को बुधवार रात इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज अस्पताल शिमला में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया था। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज द्वारा जारी मेडिकल बुलेटिन में दावा किया गया है कि मुख्यमंत्री के पेट में इंफेक्शन है जिसके कारण उन्हें तेज दर्द हुआ है। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में मुख्यमंत्री के लगभग सभी टेस्ट किए गए व उनकी रिपोर्ट नॉर्मल बताई जा रही है। हालांकि इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला के डॉक्टरों ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री की सेहत में सुधार हो रहा है व एम्स में उन्हें सेकंड ऑपिनियन के लिए भेजा गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को बुधवार रात 11:00 बजे अचानक पेट दर्द होने के कारण रात 3:00 बजे इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला में भर्ती करवाया गया था। आज सुबह 9:00 बजे मुख्यमंत्री को शिमला से दिल्ली के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना किया गया है। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज ने पिछले कल मुख्यमंत्री की जांच के लिए 6 सदस्यीय डॉक्टरों की टीम का गठन किया था जिस में मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डॉक्टर बलबीर, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर पीसी नेगी, सर्जन डॉक्टर यूके चंदेल, रेडियोलोजी के विभाग अध्यक्ष डॉक्टर अनुपम जोबटा, यूरोलॉजी के डॉक्टर पंपोश रैना शामिल है।
