December 22, 2025

आईसीयू से बाहर आए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू

आइसोलेशन वार्ड में रखा गया, खाना पीना किया शुरू

मोहित कांडा, हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज आठवें दिन ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस दिल्ली में आईसीयू से बाहर आ गए हैं व उनके स्वास्थ्य में सुधार के बाद उन्हें आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री को कमजोरी के कारण अभी चलने फिरने में मुश्किल आ रही है। डॉक्टर ने उन्हें लोगों से मिलने के लिए मना कर रखा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉक्टरों की एक पूरी टीम मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने बताया है कि मुख्यमंत्री ने अब खाना पीना शुरू कर दिया है और उनका दर्द पूरी तरह खत्म हो चुका है। उम्मीद की जा रही है कि एक-दो दिन बाद मुख्यमंत्री को आइसोलेशन वार्ड से नॉर्मल वार्ड में शिफ्ट किया जा सकता है या फिर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है। छुट्टी मिलने की सूरत में मुख्यमंत्री को डाक्टरों द्वारा अगले कुछ दिन पूर्ण आराम करने की सलाह दी जा सकती है।

बता दें कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को पेनक्रियाज और पेट में इंफेक्शन के कारण भारी पेट दर्द हुआ था जिसके कारण उन्हें इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला में भर्ती करवाया गया था जहां से उन्हें ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (एम्स) में भेज दिया गया था। मुख्यमंत्री सुक्खू को बीते शुक्रवार सुबह 9:00 बजे इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला से एम्स दिल्ली के लिए रेफर किया गया था। एम्स में मुख्यमंत्री को अभी तक आईसीयू में रखा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *