February 21, 2026

हिमाचल में मचे राजनीतिक घमासान के बीच मुख्यमंत्री सुक्खू दिल्ली तलब

देश राज शर्मा, शिमला, हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार में मचे घमासान के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को आज प्रियंका गांधी ने दिल्ली तलब किया है। पता चला है कि हिमाचल में अचानक बिगड़े राजनीतिक हालात और मामला सरकार गिरने तक पहुंचने को लेकर प्रियंका गांधी की नाराजगी सामने आ सकती है। प्रियंका गांधी 4 मार्च को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से मिल चुकी है। इसके अलावा पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह भी उनसे मुलाकात कर चुके हैं। इससे पहले लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी प्रियंका गांधी से मिले थे व गत दिवस उद्योग मंत्री हर्ष महाजन को भी दिल्ली तलब किया गया था। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर छह बागी विधायकों की वापसी को लेकर दबाव बन सकता है। हालांकि इन्हें विधानसभा से अयोग्य करार दिया जा चुका है। लेकिन पार्टी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह गुट इनकी पैरवी कर रहा है। पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह खुद दो बार बागियों से चंडीगढ़ में मुलाकात कर चुके हैं। लेकिन यह भी माना जा रहा है कि बागियों के तीखे तेवर उनकी वापसी में रोड़ा अटकाने का काम कर सकते हैं। राज्यसभा के लिए हुए एक सीट के चुनाव के उपरांत से हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई शुरू हुई थी जो अभी भी जारी है। हिमाचल प्रदेश में बहुमत के बावजूद क्रॉस वोटिंग से कांग्रेस राज्यसभा सीट हार गई थी। लोकसभा चुनाव सिर पर है और अगर यही हालात रहे तो लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस को काफी नुकसान झेलना पड़ सकता है। इसी कारण कांग्रेस हाई कमान चिंता में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *