February 24, 2026

मुख्यमंत्री द्वारा राज्य के बाढ़ प्रभावित जिलों में चल रही विशेष गिरदावरी की प्रगति का जायज़ा

बाढ़ के कारण हुए नुकसान के एक-एक पैसे की भरपाई के लिए मुआवज़ा देने की वचनबद्धता दोहराई

विशेष गिरदावरी का काम 15 अगस्त तक होगा मुकम्मल

चंडीगढ़, 4 अगस्तः पंजाब में बाढ़ के कारण हुए नुकसान की भरपाई के लिए लोगों को एक-एक पैसे का मुआवज़ा देने के लिए राज्य सरकार की वचनबद्धता को दोहराते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज राज्य के बाढ़ प्रभावित जिलों में चल रही विशेष गिरदावरी की प्रगति का जायज़ा लिया।
आज यहाँ पंजाब सिवल सचिवालय में मीटिंग की अध्यक्षता करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य भर में बाढ़ से प्रभावित हुए लोगों को मुआवज़ा देने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य के लिए राज्य सरकार के पास फंडों की कमी नहीं है और बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत देने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जायेगी। भगवंत मान ने कहा कि उन्होंने ख़ुद राज्य के प्रभावित इलाकों का दौरा करके ज़मीनी स्तर पर हालात का जायज़ा लिया था और अब बाढ़ग्रस्त जिलों के लोगों को बनती राहत दी जायेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने विशेष गिरदावरी करवाने के हुक्म पहले ही जारी किये हुए हैं जिससे राज्य में बाढ़ के नुकसान का अनुमान लगाया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को 15 अगस्त तक हर सूरत में विशेष गिरदावरी मुकम्मल करने के हुक्म दिए। भगवंत मान ने लोगों को भरोसा दिया कि उनकी सरकार फसलों, पशुओ, घरों या अन्य सम्बन्धित साजो-सामान के नुकसान की भरपाई मुआवज़ा देकर करेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के 19 जिलों में 1495 गाँव बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य भर से प्राप्त हुई रिपोर्टों के मुताबिक 44 व्यक्तियों की जान चली गई जबकि 22 व्यक्ति ज़ख़्मी हुए हैं, 391 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, 878 घरों को कुछ हद तक नुकसान पहुंचा और 1277 व्यक्तियों को बाढ़ के दौरान स्थापित किये 159 राहत कैंपों में ठहराना पड़ा। भगवंत मान ने कहा कि 15 अगस्त तक विशेष गिरदावरी करवा के लोगों को उपयुक्त मुआवज़ा दिया जायेगा।
मीटिंग में कैबिनेट मंत्री ब्रम शंकर जिम्पा, मुख्य सचिव अनुराग वर्मा और अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *