February 20, 2026

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने साइकिलिंग एक्सपीडिशन को दिखाई हरी झंडी

20 मई तक शिमला से टाशीगंग तक का सफर तय करेंगे साईकिलिस्ट

शिमला , लोकसभा चुनाव 2024 एवं विधानसभा उप-चुनाव के मद्देनज़र मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित साईकलिंग एक्सपीडिशन का शुभारंभ आज मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने ऐतिहासिक रिज मैदान से हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने कहा कि 14 से 20 मई, 2024 तक सात दिवसीय यह साइकिलिंग एक्सपीडिशन शिमला से होकर लाहौल स्पीति में स्थित विश्व के सबसे ऊंचे मतदान केन्द्र टाशीगंग तक लोगों को मतदान के प्रति जागरूकता करेंगे। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग रैली में 6 लोग हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें से स्टेट इलेक्शन आइकन जसप्रीत पाॅल एवं उनके साथी क्षितिज शिमला से टाशीगंग जाएंगे तथा अन्य 4 साईकिलिस्ट नारकंडा तक लोगों को जागरूक करेंगे। यह साइकिलिंग रैली ठियोग, नारकंडा, रामपुर, रिकांगपिओ, नाको, काजा, कौमिक, हिक्किम से होते हुए टाशीगंग तक जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत प्रदेश में 1 जून, 2024 को मतदान दिवस पर सभी वर्गों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से इस साइकिलिंग एक्सपीडिशन की शुरुआत आज शिमला से की गई है, इस चुनाव में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना इस रैली का मुख्य उद्देश्य है। मिशन 414 के साथ शिमला से काजा की दूरी भी 414 किलोमीटर मनीष गर्ग ने कहा कि शिमला से काजा की दूरी 414 किलोमीटर है और निर्वाचन विभाग का मिशन भी 414 है। मिशन 414 अर्थात् वह 414 मतदान केन्द्र है जहां पर बीते चुनाव में वोटिंग मतदान प्रतिशतता कम रही थी। इसी दृष्टि से इन मतदान केन्द्रों पर मतदान प्रतिशतता बढ़ाने के लिए विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मतदान सूची में 3 प्रतिशत युवा मतदाता है, जो इस दफा पहली बार मतदान करने के लिए पात्र है। इन युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह साइकिलिंग रैली अपना एक अच्छा संदेश प्रेषित करेगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन विभाग द्वारा समय-समय पर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार के आयोजन करवाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 25 एवं 26 मई, 2024 को 9 जिलों में साईकलिंग रैली की योजना तैयार की गई है। इन रैली में ज्यादा से ज्यादा युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी ताकि मतदान प्रतिशतता में इज़ाफा किया जा सके। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी दलीप नेगी, रिटर्निंग अधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शिमला अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक शिमला संजीव कुमार गांधी, अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक वर्मा, ओएसडी स्वीप नीरज शर्मा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *