गर्मी के चलते स्कूलों की समय सारणी में बदलाव
मंडी, 20 मई। मौसम विभाग द्वारा आगामी कुछ दिनों में मैदानी क्षेत्रों में लू चलने के दृष्टिगत जिला मंडी में स्कूलों की समय-सारणी में बदलाव किया गया है। उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अपूर्व देवगन ने बताया कि मंडी जिला के बालीचौकी, थुनाग व गोहर उपमंडल सहित उपमंडल सुन्दरनगर की निहरी तहसील के क्षेत्र में पड़ने वाले स्कूलों को छोड़कर जिला के अन्य सभी उपमंडलों में स्कूलों में खुलने व बंद होने के समय में बदलाव किया गया है। उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में स्कूल सुबह 8 बजे खुलेंगे जबकि दोपहर बाद 1.30 बजे स्कूल बंद होंगे। उन्होंने प्रारम्भिक व उच्च शिक्षा उप-निदेशक तथा संबंधित एसडीएम को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं । यह आदेश राजकीय व निजी स्कूलों पर तुरन्त प्रभाव से लागू हो गए हैं जो कि आगामी आदेशों तक जारी रहेंगे।
