February 25, 2026

चंडीगढ़ः आईएएस अधिकारी के सेक्रेटरी ने हरियाणा सचिवालय की छठी मंजिल से कूदकर किया सुसाइड

चंडीगढ़, हरियाणा सचिवालय में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहाँ एक वरिष्ठ अधिकारी ने छठी मंजिल से कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान गणेश दास अरोड़ा के रूप में हुई है, जो 2019 कैडर के आईएएस अधिकारी हितेश कुमार मीणा के स्पेशल सीनियर सेक्रेटरी के पद पर तैनात थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर लगभग 12:24 बजे गणेश दास अरोड़ा अपने दफ्तर में काम कर रहे थे। इसी दौरान वे अचानक अपनी कुर्सी से उठे और बिना किसी को कुछ बताए सचिवालय की छठी मंजिल की छत पर पहुँच गए, जहाँ से उन्होंने छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण उन्हें अत्यंत गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। सचिवालय में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद शव को सेक्टर-16 स्थित सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि गणेश अरोड़ा ने ठीक 15 दिन पहले, 9 फरवरी को भी इसी तरह आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन उस समय उनके सहयोगियों ने उन्हें समय रहते बचा लिया था। उस घटना के बाद वे छुट्टी पर चल रहे थे और बुधवार को ही वापस ड्यूटी पर लौटे थे। सचिवालय के गलियारों में चर्चा है कि गणेश अरोड़ा हाल ही में हुई अपनी पदोन्नति (प्रमोशन) और नई पोस्टिंग से खुश नहीं थे। उनकी सेवानिवृत्ति (रिटायरमेंट) इसी साल अक्टूबर में होनी थी।
गौरतलब है कि उनकी पत्नी उमा अरोड़ा गवर्नर हाउस में कार्यरत हैं। यह भी बताया जा रहा है कि इससे पहले वे आईएएस आदित्य के साथ तैनात थे और कुछ समय पूर्व ही उन्हें आईएएस हितेश कुमार मीणा के साथ लगाया गया था। यह पहली बार नहीं है जब हरियाणा सचिवालय की इस बिल्डिंग से कूदकर किसी ने जान दी हो। लगभग एक-डेढ़ साल पहले कृषि विभाग के एक कर्मचारी ने भी इसी स्थान से छलांग लगाकर सुसाइड किया था, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *