आपदा की घड़ी में केंद्र सरकार ने कोई सहायता नहीं की: सुखविंदर सुक्खू
प्रदेश सरकार के 2 साल पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेताओं पर बरसे मुख्यमंत्री
बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश सरकार के 2 साल पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित जश्न कार्यक्रम में लोगों ने काफी संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बिलासपुर में आज छह योजनाएं लांच की। बिलासपुर का लुहणू मैदान प्रदेश भर से आए कार्यकर्ताओं से भरा हुआ था। ‘व्यवस्था परिवर्तन से आत्मनिर्भर हिमाचल’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने भाजपा सांसद हर्ष महाजन को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि महाजन पहले कांग्रेस अब भाजपा के नए सलाहकार बने हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा की भाजपा विधायक 28 से कम होकर कहीं 20 न रह जाएं और कांग्रेस के 40 से बढ़कर 48 न हो जाएं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा के कई विधायक हमारे संपर्क में है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कई नेता अलग-अलग गुटों में रैलिया करते रहते हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार को जब अस्थिर करने की कोशिश की गई तो जयराम ठाकुर कोट पेंट खरीदने चले गए थे। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस सरकार को अब भगवान भी नहीं बचा सकता लेकिन जनता ने कांग्रेस की नीतियों पर भरोसा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने शराब के ठेकों की नीलामी करके एक साल में 600 करोड़ का राजस्व एकत्र किया है। केंद्र सरकार ने हमसे सौतेला व्यवहार करते हुए कर्ज की लिमिट भी सीमित कर दी है लेकिन हमने इसकी परवाह नहीं की और केंद्र के दबाव की परवाह किए बगैर 1.36 लाख कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आई आपदा की घड़ी में भी केंद्र सरकार ने राज्य की कोई सहायता नहीं की और जरूरतमंदों की मदद के लिए राज्य सरकार ने अपने मद से 4500 करोड रुपए का स्पेशल पैकेज दिया और आपदा प्रभावितों की मदद की। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने छह नई योजनाएं भी लांच की। साथ ही पांच आयुष मोबाइल वैन को भी हरी झंडी दिखाई।
अफसरशाही जान ले, सरकार गिरने वाली नहीं: मुकेश अग्निहोत्री
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के 2 साल पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना पर तंज कसने हुए कहा कि अफसरों और कर्मचारियों को बता दो, सरकार गिरने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि बंद कमरों में अधिकारी रोज-रोज चर्चाएं करते हैं सरकार गिरने वाली है। मुकेश अग्निहोत्री ने तीखे लहजे में कहा कि सभी को पता हो कि सरकार गिरने वाली नहीं है। अग्निहोत्री के इस तीखे बयान के सियासी गलियारों में अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। साथ ही कर्मचारियों के लिए चेतावनी मानी जा रही है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सरकार गिराने के लिए बाजू में दम होना चाहिए और हम जानते हैं कि भाजपा नेताओं के बाजू में कितना दाम है जब हमारी सरकार बनी थी तब भी हम 40 थे आज भी हम 40 हैं उन्होंने भाजपा को चुनौती दी कि तुम सरकार गिर कर दिखा दो मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा से सरकार तो नहीं गिरी अब सरकार को बदनाम करने में लगे हैं उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता दिल्ली जाकर हिमाचल की आर्थिक मदद रोकने हैं यह लोग हिमाचल विरोधी हैं।
मोदी ने आपदा में मदद नहीं की: प्रतिभा सिंह
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपदा में भी हिमाचल की मदद नहीं की उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को केंद्र की तरफ से एक रुपए की भी मदद नहीं दी गई राज्य सरकार ने अपने बजट से 4500 करोड रुपए का स्पेशल पैकेज आपदा प्रभावितों को की मदद को दिया। इस दौरान प्रतिभा सिंह भाषण जल्दी खत्म करने की बात कहने वाले बिलासपुर के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर भड़क उठी और नाराज भी हो गई।
