February 19, 2026

कोलकाता डॉक्टर रेप मामले में भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी के खिलाफ केस दर्ज, 2 डॉक्टरों को भी समन जारी

कोलकात्ता : कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में डॉक्टर से रेप-मर्डर मामले की जांच सीबीआई के हाथों में है। इसी बीच कोलकाता पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में FIR दर्ज की है। इसमें एक मामला गलत जानकारी फैलाने के लिए है तो दूसरा पीड़िता की पहचान उजागर करने के लिए है। इन दोनों मामलों में कोलकाता पुलिस ने दो डॉक्टर्स और बीजेपी नेता लॉकेट चटर्जी को पूछताछ का नोटिस भेजा है।

कोलकाता पुलिस ने पीड़िता की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बारे में कथित तौर पर भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में डॉ. सुबर्ण गोस्वामी और डॉ. कुणाल सरकार को पूछताछ के लिए बुलाया है। हालांकि, सुबर्ण गोस्वामी का दावा है कि उन्हें अब तक कोई नोटिस नहीं मिला है। वहीं, डॉ कुणाल सरकार ने स्वीकार किया है कि उन्हें आज सुबह कोलकाता पुलिस से नोटिस मिला है।

कोलकाता पुलिस ने बीजेपी पूर्व सांसद लॉकेट चटर्जी को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि उन्होंने पीड़िता की पहचान उजागर की और जांच के बारे में गलत जानकारी साझा की। उन्हें आज दोपहर 3 बजे तक पेश होने के लिए कहा गया है।

बता दें कि 8-9 अगस्त को कोलकाता के आरजी कर अस्पताल के सेमिनार हॉल में एक महिला डॉक्टर के साथ हैवानियत हुई थी। सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात ग्रेजुएट रेजिडेंट डॉक्टर का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया। वह बेहोशी की हालत में सेमिनार हॉल में मिली था। उसे तुरंत डॉक्टर के पास ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसके शरीर पर कई चोटों के निशान थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *