February 20, 2026

बीएलए के वीडियो में फूट-फूट कर रोए बंधक पाकिस्तानी सैनिक

अपनी ही आर्मी के मुकरने पर दिखाए आईडी कार्ड

नई दिल्ली, पाकिस्तानी उग्रवादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने एक नया वीडियो जारी कर पाकिस्तान सेना के दावों की पोल खोल दी है। इस वीडियो में 7 पाकिस्तानी सैनिक रोते हुए अपनी ही सरकार से मदद की गुहार लगाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक सैनिक फूट-फूट कर रोते हुए कह रहा है कि वह जिंदगी भर पाकिस्तान के लिए लड़ता रहा, लेकिन आज उसकी ही सेना उसे अपना मानने से मुकर रही है। सैनिक कैमरे के सामने अपना आधिकारिक आईडी कार्ड दिखाते हुए पूछ रहा है कि अगर वह पाकिस्तानी सैनिक नहीं है, तो उसके पास यह सर्विस कार्ड कहां से आया।

यह वीडियो बीएलए के आधिकारिक चैनल ‘हक्काल’ पर जारी किया गया है, जो सीधे तौर पर पाकिस्तानी सेना के उस बयान को चुनौती देता है जिसमें कहा गया था कि उनका कोई भी जवान लापता नहीं है। जानकारी के मुताबिक, बीएलए ने 14 फरवरी को इन सैनिकों को बंधक बनाया था। संगठन ने इन सैनिकों की जान के बदले जेलों में बंद अपने बलूच लड़ाकों की रिहाई की मांग रखी है। इसके लिए पाकिस्तान सरकार को 22 फरवरी तक का वक्त दिया गया है। वीडियो में जब लड़ाके सैनिकों से पूछते हैं कि सरकार तो तुम्हें अपना मान ही नहीं रही, तो सैनिक रोते हुए अपने वरिष्ठ अधिकारियों से अपील करते हैं कि उन्हें बकायदा भर्ती कर अलग-अलग जगहों पर तैनात किया गया था, फिर अब अधिकारी उन्हें पहचानने से क्यों बच रहे हैं।

पहले आई रिपोर्ट्स में 7 सैनिकों के पकड़े जाने की बात कही गई थी, लेकिन सामने आए इस नए वीडियो में 8 लोग किसी ऊबड़-खाबड़ इलाके में हथियारों के साये में घुटनों के बल बैठे दिखाई दे रहे हैं। इस मामले ने पाकिस्तानी सैन्य प्रशासन की अपने ही जवानों के प्रति संवेदनहीनता को पूरी दुनिया के सामने उजागर कर दिया है। बीएलए ने सख्त चेतावनी दी है कि अगर 22 फरवरी तक पाकिस्तानी सरकार ने बंदियों की अदला-बदली को लेकर कोई बातचीत शुरू नहीं की, तो इन बंधक बनाए गए सैनिकों को फांसी दे दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *