आईटीआई बैजनाथ में लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड द्वारा कैंपस साक्षात्कार आयोजित
बैजनाथ, 19 मार्च
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बैजनाथ की प्रधानाचार्या रीता शर्मा ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड (एल एंड टी) कंपनी द्वारा वीरवार को संस्थान परिसर में कैंपस साक्षात्कार कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
उन्होंने बताया कि इस साक्षात्कार प्रक्रिया में लगभग 200 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा अभ्यर्थियों का विभिन्न चरणों में मूल्यांकन कर 95 अभ्यर्थियों को मौके पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
प्रधानाचार्या ने बताया कि इस कैंपस साक्षात्कार में विभिन्न आईटीआई ट्रेड्स के अभ्यर्थियों ने भाग लिया। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी द्वारा प्रारंभिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा जो पूर्णतः निःशुल्क होगा तथा प्रशिक्षण उपरांत उन्हें राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण प्रमाण पत्र भी उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके पश्चात अभ्यर्थियों को नियमित पदों पर नियुक्त किया जाएगा।
संस्थान की प्लेसमेंट अधिकारी अनीता शर्मा ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी द्वारा लगभग 20 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त चयनित अभ्यर्थियों के लिए रहने की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी तथा ईएसआई, पीएफ सहित अन्य कंपनी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
