नवाही व मौंही में किया मतदान में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान
सरकाघाट, 29 अप्रैल- आगामी लोक सभा चुनाव 2024 के अंतर्गत स्वीप टीम ने सोमवार को बूथ नम्बर-38 नवाही व बूथ नम्बर-40 मौहीं व आसपास के क्षेत्रों के मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया। यह जानकारी देते हुए निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम सरकाघाट स्वाति डोगरा ने कहा कि सरकार चुनने में मतदान करना हमारा संवैधानिक अधिकार ही नहीं है बल्कि हमारा कर्तव्य भी है। उन्होंने आगामी 1 जून को अधिक से अधिक मतदाताओं से मतदान करने का भी आह्वान किया है ताकि सरकाघाट विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का मत प्रतिशत गत लोकसभा चुनाव के मुकाबले बढ़ सके।
उन्होंने कहा कि मत प्रतिशत बढ़ाने में युवा एवं नए मतदाताओं की अहम भूमिका है। ऐसे में सभी युवा मतदाताओं से भारी संख्या में मतदान में भाग लेने का आह्वान किया। साथ ही समाज के दूसरे लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का भी आग्रह किया।उन्होंने मतदाताओं से बिना किसी भेदभाव, स्वतंत्र व निष्पक्ष होकर मतदान करने का भी आह्वान किया।
सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) कार्यक्रम के तहत नोडल अधिकरी कर्म सिंह पराशर की अध्यक्षता में स्वीप टीम ने बूथ नम्बर-38 नवाही व बूथ नम्बर-40 मौहीं व आसपास के क्षेत्रों के मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया। कर्म सिंह पराशर ने स्थानीय लोगों को बताया कि जो युवा 1 अप्रैल, 2024 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं तथा नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो वे आगामी 4 मई तक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं।
इस दौरान स्वीप टीम ने सैल्फी प्वाईट, हस्ताक्षर अभियान व शपथ के माध्यम से लोगों को जागरुकता संदेश व मतदान के लिए प्रेरित किया। मतदान केन्द्रों में स्वीप टीम द्वारा सेल्फी प्वाइंट भी लगाया गया जिसमें “मेरा वोट मेरी ताकत”, “चुनाव का पर्व देश का गर्व” विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया। स्थानीय लोग व विशेषकर युवा सेल्फी प्वांईट को लेकर काफी उत्साहित दिखे। स्थानीय लोगों ने हस्ताक्षर कर लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा बनाए रखने, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को बनाए रखने तथा किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का सही प्रयोग करने की शपथ ली।
