February 21, 2026

‘सिक्योरिटी को बुलाओ’, कोर्ट में भड़के सीजेआई चंद्रचूड तो जवाब में बाइबिल पढ़ने लगा वकील

नई दिल्ली – सुप्रीम कोर्ट में मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की पीठ मंगलवार को नीट मामले की सुनवाई कर रही थी। इसी दौरान न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ और वरिष्ठ अधिवक्ता मैथ्यूज नेदुम्परा के बीच तल्ख बहसबाजी हुई। मुख्य न्यायाधीश ने अधिवक्ता मैथ्यूज नेदुम्परा को फटकार भी लगाई। दरअसल, नेदुम्परा कथिर तौर पर अधिवक्ता नरेंद्र हुड्डा को बीच में रोक रहे थे। उस वक्त हुड्डा पीठ को संबोधित कर रहे थे और वह एक याचिकाकर्ता की तरफ से अपना पक्ष रख रहे थे।

इस पर चीफ जस्टिस ने उसे कोर्ट रूम से बाहर जाने के लिए कहा। जब वह नहीं निकला तो चीफ जस्टिस ने सिक्योरिटी को बुलाने का आदेश दिया। इससे सकपकाया वकील बाहर निकल गया लेकिन बाद में वह बाइबल के कोट पढ़कर चीफ जस्टिस को नसीहत देता नजर आया। जानकारी के मुताबिक मंगलवार को कोर्ट में नीट- यूजी मामले की सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से वकील नरेंद्र हुडा अपने तर्क रख रहे थे। उसी दौरान एक अन्य याचिकाकर्ता की ओर से पेश दूसरे वकील मैथ्यूज नेदुम्पारा बार- बार टोकाटाकी करने लगे। इस पर चीफ जस्टिस चंद्रचूड नाराज हो गए और वकील को चेतावनी देते हए कहा, ‘मिस्टर नेदुम्पारा मैं आपको चेतावनी दे रहा हूं। आप गैलरी में बात नहीं करेंगे। मैं इस कोर्ट का प्रभारी हूं। सिक्योरिटी को बुलाइये, जो इन्हें कोर्ट से बाहर निकाले। इस पर वकील बैकफुट पर आ गया और बोला कि वह जा रहा है। इस पर चीफ जस्टिस ने कहा कि उसे यह कहने की जरूरत नहीं है। आप जा सकते हैं।

’मुझे जारी करना पड़ सकता है आदेश’
सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस ने आगे कहा, मैं पिछले 24 वर्षों से कोर्ट देख रहा हूं। मैं वकीलों को कोर्ट का प्रोसीजर तय करने का अधिकार नहीं दे सकता। इस पर नेदुम्परा ने भी चीफ जस्टिस पर तंज कस दिया और कहा कि मैं भी 1979 से कोर्ट देख रहा हूं। वकील के इस व्यवहार से जस्टिस चंद्रचूड का क्रोध बढ़ गया। उन्होंने वकील को चेतावनी देते हुए कहा, मुझे ऐसा आदेश जारी करना पड़ सकता है, जो आपके लिए उचित नहीं होगा। आप किसी दूसरे वकील के काम में रुकावट नहीं डालेंगे।

‘प्रभु यीशु आपको माफ करें’
चीफ जस्टिस की नाराजगी को देख वह वकील चला गया। लेकिन थोड़ी बाद वह फिर कोर्ट में लौटा और कहा, मुझे खेद है। मैंने कुछ भी गलत नहीं किया, फिर भी मेरे साथ गलत व्यवहार किया गया। इसके बाद चीफ जस्टिस की ओर देखते हुए मैथ्यूज नेदुम्पारा ने बाइबल के कोट पढ़ने शुरू कर दिए। मैथ्यूज ने कहा, वह चीफ जस्टिस को उसका अपमान करने के लिए माफ करता है। प्रभु यीशु, उन्हें माफ करें क्योंकि वे नहीं जानते कि वे क्या कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *