तीर्थ यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में गिरी, 3 महिला श्रद्धालुओं की मौत, 24 घायल
उत्तराखंड : उत्तरकाशी में एक बड़ी बस दुर्घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार उत्तराखंड में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के समीप बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई, जिससे 3 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 24 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने इस हादसे की जानकारी दी। वहीं आप को बता दें यह हादसा मंगलवार देर रात पेश आया था।
पुलिस ने बताया कि गंगनानी से 50 किलोमीटर पहले हुए हादसे के दौरान बस अनियंत्रित होकर क्रैश बैरियर तोड़कर खाई में गिर गई। पुलिस के मुताबिक, खाई में गिरते ही बस पेड़ के सहारे अटक गई, जिस कारण हादसे में जनहानि कम हुई। पुलिस ने बताया कि गंगोत्री से उत्तरकाशी की ओर जा रही बस में कुल 27 श्रद्धालु सवार थे।
हादसे की सूचना मिलते ही बचाव और राहत कार्य शुरू किया गया और घायलों को निकालकर स्वास्थ्य केंद्र भटवाड़ी और उत्तरकाशी जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के रूद्रपुर की रहने वाली दीपा तिवारी और हल्द्वानी की रहने वाली नीमा टेडा तथा मीना रेकवाल के रूप में हुई है।
