जालंधर के मकसूदां सब्जी मंडी में चली गोलियां, एक युवक घायल, इलाके में फैली दहशत
जालंधर : जालंधर में शुक्रवार रात को मकसूदां की सब्जी मंडी में गोलीबारी की घटना सामने आई है। गोली लगने से एक युवक घायल हो गया है। जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान उधम सिंह के रूप में हुई है। उधम सिंह को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई।
पुलिस के अनुसार, उधम सिंह सब्जी लोडिंग का काम करता है। रात करीब 10.30 बजे उसकी गाड़ी को पीछे करने को लेकर कुछ युवकों के साथ बहस हो गई। इसी विवाद के दौरान युवकों ने गोलियां चला दीं, जिसमें एक गोली उधम सिंह के हाथ में लग गई और हाथ में ही फंस गई।
उधम सिंह ने आरोप लगाया है कि युवक उसे लूटने के इरादे से आए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
