विकासोन्मुख और खनिज सुरक्षा को मजबूत करने वाला बजट: अनिल अग्रवाल
मुंबई, वेदांता लिमिटेड के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने केंद्रीय बजट 2026 की सराहना करते हुए इसे ‘विकास को ध्यान में रखकर बनाया गया बजट’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक पूंजीगत व्यय में वृद्धि और मैन्यूफैक्चरिंग पर सरकार का विशेष फोकस भारतीय अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। रोजगार और महिला सशक्तिकरण पर जोर अनिल अग्रवाल ने बजट के सामाजिक पहलुओं पर चर्चा करते हुए कहा कि यह बजट युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने वाला है। साथ ही, उन्होंने महिलाओं की वित्तीय स्थिति में सुधार के लिए किए गए प्रावधानों को भी सराहा। उन्होंने विशेष रूप से मेडिकल टूरिज्म सेक्टर को दी गई प्रमुखता का स्वागत किया, जो रोजगार सृजन का एक बड़ा स्रोत है।
एक उद्योगपति के रूप में अग्रवाल ने क्रिटिकल मिनरल और रेयर अर्थ तत्वों पर सरकार के विजन की प्रशंसा की। उन्होंने निम्नलिखित बिंदुओं को क्रांतिकारी बताया:
रेयर अर्थ कॉरिडोर: ओडिशा, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल में माइनिंग, प्रोसेसिंग और आरएंडडी के लिए कॉरिडोर की घोषणा से देश की खनिज सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
कस्टम ड्यूटी में छूट: क्रिटिकल मिनरल की प्रोसेसिंग के लिए कैपिटल गुड्स पर से कस्टम ड्यूटी हटाना एक रणनीतिक कदम है, जो वैश्विक परिस्थितियों में भारत को आत्मनिर्भर बनाएगा।
ई
वेदांता चेयरमैन ने विशेष आर्थिक क्षेत्रों (एसईजेड) के नियमों में सुधार का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि एसईजेड उत्पादों की सीमित बिक्री घरेलू बाजार में करने की अनुमति देना एक सराहनीय कदम है, जिससे स्थानीय उद्योगों को मजबूती मिलेगी।
अनिल अग्रवाल ने वैश्विक स्तर पर चल रही आर्थिक चुनौतियों के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था को स्थिर और गतिशील बनाए रखने के लिए प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट भारत को वैश्विक मैन्यूफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
