ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक की पार्टी मुश्किलों में फंसी, एक और अधिकारी पर लगा सट्टेबाजी का आरोप
लंदन : ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी मुश्किल में फंस गई है। सुनक के एक अधिकारी पर सट्टेबाजी का आरोप लगा है। आरोप है कि अधिकारी ने आम चुनाव की तिथि घोषित होने से पहले ही उस पर सट्टा लगा दिया था, ब्रिटेन का जुआ नियामक इस बात की जांच कर रहा है।
ब्रिटिश अखबार संडे टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, ब्रिटेन के जुआ आयोग ने पहले ही दो कंजर्वेटिव चुनाव उम्मीदवारों और पार्टी के अभियान निदेशक पर 4 जुलाई के चुनाव की तिथि पर सट्टा लगाने के आरोप की जांच शुरू कर दी है।
अखबार ने अधिकारी का नाम निक मेसन बताया, जो कंजर्वेटिव पार्टी में मुख्य डेटा अधिकारी है। मेसन ने आरोपों पर अभी कुछ नहीं कहा है। अखबार ने मेसन के प्रवक्ता के हवाले से कहा कि उन्होंने किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया है। संडे टाइम्स ने कंजर्वेटिव पार्टी के एक बयान का हवाला देते हुए कहा कि मेसन ने आरोप लगने के बाद छुट्टी भी ले ली है।
