अमेरिका में लापता भारतीय छात्र का शव मिला, भारतीय दूतावास ने दुख जताया
कैलिफोर्निया, अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में लापता भारतीय छात्र की मौत हो गई है। भारतीय दूतावास ने बताया कि स्थानीय पुलिस को लापता छात्र का शव मिला है। 22 वर्षीय छात्र की पहचान साकेत श्रीनिवासैया के रूप में हुई है। वह कर्नाटक के निवासी थे और यूनिवर्सिटी ऑफ़ केलिफोर्निया बर्कले में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे थे। साकेत मंगलवार से लापता थे।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, छात्र का बैग पार्क हिल्स इलाके में एक घर के दरवाजे पर मिला था। बैग में उनका पासपोर्ट और लैपटॉप रखा था। काउंसलेट जनरल ऑफ़ इंडिया सन फ्रांसिस्को ने उनकी गुमशुदगी पर गहरी चिंता जताई थी। पुलिस के मुताबिक, साकेत को आखिरी बार ड्वाइट वे के 1700 ब्लॉक में देखा गया था।
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में कहा कि स्थानीय पुलिस ने लापता भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव मिलने की पुष्टि की है। दूतावास ने इस कठिन समय में उनके परिवार और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही कहा है कि परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी, जिसमें स्थानीय प्रशासन से समन्वय और पार्थिव शरीर को जल्द भारत भेजने की व्यवस्था शामिल है।
