भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक राजेश ठाकुर और राकेश कालिया का किया जोरदार स्वागत
ऊना/सुखविंदर/17 अक्टूबर/ गगरेट विधानसभा क्षेत्र के दौलतपुर चौक में आज एक निजी होटल में गगरेट भाजपा मंडल द्वारा पूर्व विधायक राजेश ठाकुर और पूर्व विधायक राकेश कालिया का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल द्वारा गगरेट के पूर्व विधायक राजेश ठाकुर को प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है। पूर्व विधायक रहे राकेश कालिया को भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा विशेष आमंत्रित सदस्य और राममूर्ति शर्मा को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया है। इसी कड़ी में गगरेट भाजपा मंडल द्वारा राजेश ठाकुर, राकेश कालिया और राममूर्ति शर्मा को शाल व टापी देकर सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर पूर्व विधायक राजेश ठाकुर ने कहा कि जब से हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनी है तब से हिमाचल में सभी कामकाज ठप्प पड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है उन पर वह पूरा खरा उतरने का प्रयास करेंगे और सभी को साथ लेकर चलेंगे। उन्होंने कहा कि हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर के प्रयासों से हिमाचल में रेल को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व एक ऐसे नेता के हाथ में है जिसका भारत में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में डंका बज रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आने वाले 2024 के लोकसभा चुनावों में कार्यकर्ता अपने अपने कार्य में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का हर एक कार्यकर्ता गगरेट विधानसभा क्षेत्र से हमीरपुर लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर को ज्यादा से ज्यादा वोट डालकर केंद्र में भेजेंगे और केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाएंगे।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राकेश कालिया ने कहा कि वे एक ऐसी पार्टी के साथ जुड़े हैं जिससे वे अपने आपको गौरवान्वित महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि जब से केंद्र में भाजपा की सरकार बनी है तब से लेकर आज तक भारतीय जनता पार्टी का पूरी दुनिया में डंका बज रहा है। उन्होंने कहा कि जब से मोदी सरकार ने केंद्र का नेतृत्व संभाला है तब उन्होंने धारा 370 को हटाना, आंतकवादी हमलों पर रोक, वंदे भारत ट्रेनें चलाना, आदि ऐसे कई कार्य है जो मोदी सरकार के कार्यकाल में हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो उनको दायित्व सौंपा है वे पूरे तन मन धन से पार्टी के लिए कार्य करेंगे। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने भारत माता के जयकारे भी लगाए।
