March 14, 2025

सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ भाजपा ने रिवालसर बाजार में निकाली आक्रोश रैली

रिवालसर, अजय सूर्या: रिवालसर में भाजपा द्वारा कांग्रेस सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ वीरवार दोपहर 2 बजे बल्ह जन आक्रोश रैली निकाली गई। इस जन आक्रोश रैली की अगुवाई बल्ह के विधायक इंद्र गाँधी ने की। इस जन आक्रोश रैली में लगभग 150 कार्यकर्ताओं ने रिवालसर बाजार में रैली निकाली। रैली के बाद विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर द्वारा जन हित में खोले गए कार्यालयों को बंद किया। कांग्रेस सरकार ने दुर्गापुर में वैटनरी हास्पिटल, रिवालसर आई टी आई, रिवालसर बस स्टैंड व रिवालसर थाना को डिनोटिफाइड कर दिया । राजनीतिक द्वेष भावना से रिवालसर क्षेत्र के लोगो की सुविधा के खोले गए संस्थानों को बंद करने के कारण सुक्खू सरकार के खिलाफ क्षेत्र की जनता में भारी आक्रोश है। जनता के आक्रोश को लेकर बल्ह भाजपा ने रिवालसर में जन आक्रोश रैली निकाल कर सुक्खू सरकार से उपरोक्त संस्थाओं को दोबारा खोलने की मांग की। रिवालसर सिविल हॉस्पिटल की करोड़ों रुपये की लागत से बनी बिल्डिंग उद्धघाटन के एक साल बाद भी बंद पडी़ है। जिससे मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल रही हैं। विधायक इंद्र गांधी ने चेताया की अगर समय रहती सरकार नहीं चेती तो जनता चुनावों में सबक सिखाकर सुक्खू सरकार को ही डिनोटिफाइड कर देगी। जनता अंहकारी नेताओं को चुनावों में सबक सिखाती है। दिल्ली की केजरीवाल की सरकार इसका उदाहरण है। जनता मुख्यमंत्री को भी घर बिठा देती है। उन्होंने बताया कि जनता की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ी जाएगी। इस मौके पर रिवालसर भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र राणा महामंत्री, ढमेश्वर ठाकुर, कोषाध्यक्ष यशपाल ठाकुर, जिला भाजपा उपाध्यक्ष रणबीर सिपहीया, सचिव नीलम शर्मा, जिला परिषद सदस्य प्रियन्ता शर्मा, संजय ठाकुर, दमोदर वर्मा, रमेश सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।