February 5, 2025

भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री किशन कपूर का निधन

धर्मशाला: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री व कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद किशन कपूर का बीमारी से निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे। अपने पीछे पत्नी, बेटा व बेटी छोड़ गए हैं। पिछले कुछ समय से वह पीजीआई चंड़ीगढ़ में उपचाराधीन थे।

उन्होंने राजनीति की लंबी पारी खेली और कांगड़ा के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने सदन में हमेशा जनहित को लेकर आवाज बुलंद की। किशन कपूर पांच बार विधायक, दो बार मंत्री और एक बार सांसद रहे हैं।

किशन कपूर ने अपना पहला चुनाव 1985 में लड़ा था। यह चुनाव वह हार गए थे। वर्ष 1990 में पहली बार विधायक बने। 2008 व 2017 में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री रहे जबकि 2019 में कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद बने।

वर्ष 2008 से 2012 प्रो. प्रेम कुमार धूमल की सरकार में परिवहन, जनजातीय मंत्री रहे। वर्ष 2017 से 2019 तक जयराम सरकार में उद्योग, परिवहन व शहरी विकास मंत्री रहे। 2019 से 2024 तक कांगड़ा के सांसद रहे।