कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही सबसे बड़ी पार्टी बनी है भाजपा : राणा गुरमीत सोढी
जालंधर : भाजपा सदस्यता अभियान पंजाब में जोरों पर चल रहा है। आज इसी कड़ी में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राणा गुरमीत सोढी आदमपुर पहुंचे और उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाया। इस दौरान भाजपा नेता हरविंदर सिंह डल्ली और उनके बेटे अमृत सिंह डल्ली की अगुवाई में सदस्यता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राणा गुरमीत सिंह सोढी ने कहा कि पूरे भारतवर्ष में सदस्यता अभियान जोरों पर चल रहा है।
पार्टी के पदाधिकारी लोगों को भाजपा की सदस्यता दिला रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में हर वर्कर का सम्मान होता है और भाजपा आज अपने कार्यकर्ताओं की मेहनत की बदौलत ही विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। सोढी ने कहा कि पंजाब का भविष्य केवल भाजपा के हाथों में सुरक्षित है। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की आम आदमी पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि आज प्रदेश में आपराधिक वारदातों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा। इन वारदातों से स्पष्ट होता है कि पंजाब में सरकार नाम की कोई चीज ही नहीं है। इस अवसर पर भाजपा आरटीआई सैल के को कन्वीनर गगनदीप मनी, विक्की सिद्धू, मंडल प्रधान एवं भाजपा नेता उपस्थित थे।
