February 11, 2026

श्री आनंदपुर साहिब लोकसभा हलके में भाजपा बड़ी शक्ति के रूप में उभरी: डा. सुभाष शर्मा

चंडीगढ़ : भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं श्री आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके डा. सुभाष शर्मा ने कार्यकर्ताओं के धन्यवाद समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मात्र 20 दिन के चुनाव प्रचार में भाजपा को 2 लाख वोटें मिलना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा श्री आनंदपुर साहिब लोकसभा हलके में बड़ी शक्ति के रूप में उभरी है। 

उन्होंने कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं ने जो दिन-रात मेहनत की ये उसी का परिणाम है कि इतने कम समय में भाजपा ने यहां प्रत्याशी की 225 सभाएं की। इसके अलावा कार्यकर्ताओं की मेहनत की बदौलत ही पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी जैसे बड़े नेताओं की जनसभाएं करवाने में सफल रही। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर प्रचार किया और उसी के परिणास्वरूप पार्टी को इतनी भारी संख्या में वोट हासिल हुए। 

डा. सुभाष शर्मा ने लोकसभा चुनाव में श्री आनंदपुर साहिब हलके में पार्टी की परफार्मेंस पर संतोष जताते हुए कहा कि 2022 में यहां के 9 विधानसभा हलकों में पार्टी को साढ़े 6 फीसदी वोट मिले थे और इस बार 18 प्रतिशत वोट मिलना यह साबित करता है कि पार्टी कितनी मजबूती से इस लोकसभा हलके में आगे बढ़ी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे पूरी तरह से ब्लाक समिति, जिला परिषद, पंचायत चुनाव में जुट जाएं। उन्होंने दावा किया पार्टी इन सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी और जीत हासिल करेगी। डा. सुभाष शर्मा ने भाजपा वर्कर जहां पीएम मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों को घर-घर जाकर प्रसारित करें। जनता में मान सरकार के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है इसलिए भाजपा वर्कर जनता के बीच आप सरकार की करतूतों का पर्दाफाश करें। उन्होंने कहा कि इस बात को सभी जान चुके हैं कि 2027 में पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी। 

डा. सुभाष शर्मा ने कहा कि बेशक वह चुनाव हार गए हैंलेकिन उन्होंने जनता से जो वादे किए हैं उन पर खरा उतरते हुए मोदी सरकार से बात करके श्री आनंदपुर साहिब को मॉडल लोकसभा हलका बनाया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा के लोकसभा इंचार्ज केवल ढिल्लों, जिला अध्यक्ष संजीव वशिष्ठ, सह कोषाध्यक्ष सुखविंदर सिंह गोल्डी, खरड़ विधानसभा के कन्वीनर कमल सैनी, प्रदेश सचिव भानु प्रताप, खुशवंत राय, नवांशहर की विधानसभा इंचार्ज पूनम, बलाचौर के विधानसभा इंचार्ज अशोक बाठ, वरिष्ठ नेता जतिंदर अटवाल समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *