February 19, 2026

भाजपा पर किसानों पर गोलियां चलाने वाले पुलिस अफसरों को सम्मानित करने का आरोप

चंडीगढ़ : आम आदमी पार्टी (आप) ने हरियाणा की भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) सरकार की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि वह उन पुलिस अफसरों को सम्मानित करने जा रही है जिसने हरियाणा पंजाब बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे पंजाब के किसानों पर गोलियां चलाईं।

पंजाब आप के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता नील गर्ग ने कहा कि हरियाणा सरकार का यह फैसला बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा किसानों पर अत्याचार करने वाले लोगों को सम्मानित करती है और ऐसा कर वह देश और खासकर पंजाब के किसानों को नीचा दिखाने की कोशिश करती है।

गर्ग ने भाजपा के पूर्व केन्द्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी का उदाहरण देते हुए कहा कि टेनी के बेटे ने लखीमपुर-खीरी में किसानों को अपनी गाड़ियों से रौंद दिया लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने न तो टेनी को मंत्रिमंडल से हटाया और न ही उसके बेटे के खिलाफ कोई कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि 2013 में प्रधानमंत्री बनने से पहले नरेन्द्र मोदी ने खुद कहा था कि हम किसानों का पूरा कर्ज माफ करेंगे और स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कानून बनाएंगे, लेकिन बाद में मोदी अपने वादे से पलट गए और देश के किसानों के साथ धोखा किया।

उन्होंने किसानों से संबंधित अपने एक भी वादे पूरे नहीं किए, उल्टे किसानों जमीन और फसल अपने कॉर्पोरेट दोस्तों को सौंपने के लिए काले कृषि कानून उनपर थोपने की कोशिश की, जिसके कारण 750 से ज्यादा किसानों की मृत्यु हो गई। इन मौतों पर आज तक पीएम मोदी और भाजपा ने दुख भी प्रकट नहीं किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान और न्यायालय को भी नहीं मानती। पंजाब- हरियाणा न्यायालय ने फैसला दिया कि हरियाणा सरकार नेशनल हाईवे खाली कराए और किसानों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए दिल्ली जाने दे, तो इस फैसले के खिलाफ वह सर्वोच्च न्यायालय पहुंच गई और वहां झूठ बोला कि रास्ता पुलिस नहीं किसानों ने रोक रखा है। इससे पता चलता है कि भाजपा को न्यायालय और न्यायिक व्यवस्था पर यकीन नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *