March 13, 2026

गुजरात में बड़ा हादसा, दीवार गिरने से 6 मजदूरों की मौत; कई मलबे में दबे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया

मेहसाणा : गुजरात के मेहसाणा जिले में एक भीषण हादसा हुआ है। कादी तालुका के जासलपुर गांव में एक कंपनी की दीवार गिरने से कम से कम 6 मजदूरों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय कई अन्य मजदूर भी मलबे में दबे हुए हैं।

सूत्रों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब कुछ मजदूर एक फैक्ट्री के लिए अंडरग्राउंड टैंक खोद रहे थे। अचानक दीवार गिर गई और मजदूर मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “गुजरात के मेहसाणा में दीवार गिरने से हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। इसमें जिन्होंने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी शोक-संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस पीड़ा को सहन करने का संबल प्रदान करे। इसके साथ ही मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव सहायता में जुटा है।”

स्थानीय प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि दीवार क्यों गिरी और क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले गुजरात के साबरकांठा जिले में भी एक कच्चे मकान की दीवार गिरने से एक महिला और उसके बेटे की मौत हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *