कई संगठनों के आह्वान पर आज भारत बंद, बिहार में ट्रेन रोकी
राजस्थान के भरतपुर में नेट बंद, स्कूलों-कॉलेजों में भी छुट्टी
नई दिल्ली – सुप्रीम कोर्ट द्वारा अनुसूचित जाति व जनजाति आरक्षण में क्रीमीलेयर पर दिए गए फैसले के खिलाफ आज कई संगठनों ने भारत बंद का आह्वान किया है। इसके अलावा बसपा और आरजेडी जैसी पार्टियों ने भी बंद का समर्थन किया है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बंद के आह्वान के बावजूद सरकारी कार्यालय, बैंक, स्कूल, कॉलेज और पेट्रोल स्टेशन खुले रहने की संभावना है। बसपा समेत कई पार्टियां इस बंद का समर्थन कर रही हैं।
प्रदर्शनकारियों ने बिहार के जहानाबाद में NH 83 को किया ब्लॉक
बिहार के जहानाबाद में प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 83 को अवरुद्ध किया। SC-ST आरक्षण में क्रीमी लेयर को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के विरोध में दलित और बहुजन संगठनों द्वारा आज भारत बंद का आह्वान किया गया है। बिहार में कई जगह ट्रेने भी रोकी गई है।
बिहार के सहरसा में भी भारत बंद का असर दिख रहा है। सहरसा के थाना चौक पर भारत बंद के समर्थक जुटना शुरू हो गए हैं और सड़क जाम कर दी है। भीम सेना के नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं। केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की जा रही है।
रामगढ़ में भारत बंद का असर
रामगढ़ में भारत बंद का व्यापक असर देखा जा रहा है। NH/33 रांची-पटना मुख्य मार्ग जाम कर दिया है। प्रदर्शनकारी सड़क पर लेटकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
राजस्थान के सवाई माधोपुर में स्कूल-कॉलेज बंद
भारत बंद की वजह से राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के सरकारी और गैर सरकारी स्कूल, कॉलेज बंद हैं। इंटरनेट सेवाएं भी बंद हैं। इसके अलावा आज कोचिंग संस्थानों से लेकर आंगनबाड़ी और लाइबेरी भी बंद रहेंगे। लेकिन सरकारी शिक्षकों और कार्मिकों का संस्थान में मौजूद रहने जरूरी होगा। भारत बंद के ऐलान को देखते हुए अतिरिक्त जिला कलेक्टर जगदीश आर्य ने आदेश जारी किए हैं।
झारखंड के गिरिडीह में भारत बंद का व्यापक असर
सुप्रीम कोर्ट के कोटे के भीतर कोटे से जुड़े फैसले को लेकर बुधवार को भारत बंद है। इस बंद का व्यापक असर झारखंड के गिरिडीह में देखा जा रहा है। सुबह से ही झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ता बंद कराने के लिए सड़कों पर उतर गए।
