भजन व ड्रामा पार्टियां गीतों व भजनों के जरिये आमजन को कर रही जागरूक
️सूचना, जन संपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग हरियाणा की तरफ से चलाए जा रहे विशेष प्रचार अभियान के तहत जिले की भजन व ड्रामा पार्टियों द्वारा गांवों में शहरी क्षेत्र में लगातार प्रचार अभियान चलाते हुए आमजन को सरकारी योजनाओं व नीतियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
जिला के गांव मांगवास, भागलपुरी, सासरौली, सुंदरहेटी, नवादा, कन्हवा, शाहपुर, असौदा, खानपुर आदि गांवों में कार्यक्रम आयोजित कर सरकार की योजनाओं व जनकल्याणकारी नीतियों से ग्रामीणों को रूबरू करवाया गया। यह जानकारी देते हुए विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि भजन मंडलियों द्वारा शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष प्रचार अभियान के तहत सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों एवं विकास कार्यों बारे में क्षेत्रीय प्रचार अमला आमजन मानस को लोक गायन के जरिए से जागरूक करने तथा पात्र परिवारों को सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय प्रचार अमले में विभाग के कलाकारों द्वारा सरकार की योजनाओं पर आधारित भजनों व गीतों के माध्यम से सभी को परिवार पहचान-पत्र बनवाने, सरकार की योजनाओं व नीतियों का निरंतर लाभ उठाने के लिए लोगों को 10 साल पुराने अपने-अपने आधार कार्ड को अपडेट करवाने, बेटी बचाओ-बेटी पढाओ, अपने क्षेत्र में साफ-सफाई रखने, जल का सदुपयोग कर जल संरक्षण करने, पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने, नशा मुक्त भारत अभियान, सरकारी ऑनलाइन सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने, आयुष्मान चिरायु हरियाणा, मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना जैसी महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक कर रही है।
