भगवंत मान के ओएसडी ने मजीठिया को भेजा कानूनी नोटिस, 48 घंटे में माफी मांगने को कहा
चंडीगढ़ : अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की मुश्किलें बढ़ सकती है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी राजबीर सिंह ने उन्हें लीगल नोटिस भेजा है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि मजीठिया ने हाल ही में राजबीर सिंह के खिलाफ झूठे आरोप लगाए हैं। लीगल नोटिस में मजीठिया से 48 घंटे के भीतर लिखित माफी मांगने की मांग की गई है। यह कार्रवाई राजबीर सिंह द्वारा मजीठिया के आरोपों का जवाब देने के लिए की गई है, जो कि राजनीतिक विवादों को और गहरा कर सकती है।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब 6 अक्टूबर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों ने मजीठिया से सवाल किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के करीबी लोगों को सीएमओ से हटाया जा रहा है। इस सवाल का जवाब देते हुए मजीठिया ने सीएम के ओएसडी राजबीर सिंह का नाम लेते हुए कहा कि उनका परिवार कनाडा का नागरिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपए हवाला के जरिए कनाडा और ऑस्ट्रेलिया भेजे गए हैं।
मजीठिया ने केंद्र सरकार से अपील की कि इन लोगों के खिलाफ एलओसी जारी की जाए, ताकि वे देश से भाग न सकें। उन्होंने इस विवादास्पद बयान को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा किया, जिससे राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है।
