भगवंत मान के ओएसडी ने सुखपाल खैहरा को भेजा मानहानि नोटिस
माफी मांगने के लिए दिया 72 घंटे का अल्टीमेटम
चंडीगढ़, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के ओएसडी राजबीर सिंह ने कांग्रेस नेता सुखपाल खैहरा को मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में सुखपाल खैहरा से 72 घंटे के भीतर लिखित माफ़ी मांगने को कहा गया है।
खैहरा ने राजबीर सिंह पर झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाए हैं। अगर सुखपाल खैहरा सोमवार तक माफ़ी नहीं मांगते हैं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। राजबीर सिंह का कहना है कि खैहरा ने उन पर मनगढ़ंत आरोप लगाए, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर सोमवार तक माफी नहीं मांगी गई तो वे कानूनी कार्रवाई करेंगे।
दरअसल, सुखपाल खैहरा ने पिछले दिनों पंजाब पुलिस के लिए खरीदी गई 144 टोयोटा हाइलक्स गाड़ियों को लेकर सरकार पर करीब 15 से 20 करोड़ रुपए के नुकसान का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि थोक में की गई खरीद के बावजूद गाड़ियों पर कोई छूट नहीं ली गई, जो दर्शाता है कि यह एक बड़ा घोटाला है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, हम समझ सकते हैं कि भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल, आम आदमी पार्टी और पंजाब पुलिस इस संदिग्ध खरीद पर चुप क्यों हैं, लेकिन मुख्यधारा की मीडिया भी क्यों मौन है? क्या वे भी इस घोटाले में साझेदार हैं? इससे पहले खैहरा ने लैंड पूलिंग पालिसी को लेकर भी सरकार पर तंज कसे थे।
