बंडारू दत्तात्रेय ने राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी से शिष्टाचार मुलाकात की
चंडीगढ़, 16 अगस्त, 2023- हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली में भारत की माननीया राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर उनके साथ उनकी बेटी श्रीमती बंडारू विजया लक्ष्मी भी उपस्थित रही। माननीया राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने राज्यपाल दत्तात्रेय से हरियाणा में बाढ़ की स्थिति के बारे मे और इससे प्रभावित लोगों की मदद के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
हरियाणा के राज्यपाल दत्तात्रेय ने माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को बताया कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने बाढ़ को रोकने के लिए युद्ध स्तर पर ठोस कदम उठाने के साथ-साथ किसानों एवं मेहनतकश गरीब लोगों सहित जरूरतमंदों की हर संभव मदद करके उन्हें राहत पहुंचाई हैं।
उन्होंने महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से राज्य सरकार के द्वारा की गई सभी पहलों और जन-कल्याणकारी योजनाओं सहित राज्य में विभिन्न विकास गतिविधियों के साथ चल रहे कल्याणकारी कार्यों पर भी चर्चा की।
