February 14, 2026

जटेला धाम में आयुष विभाग ने लगाया स्वास्थ्य कैंप, औषधियों का किया नि:शुल्क वितरण

– कैंप में आयुष पद्धति से किया रोगों का उपचार, सूर्य नमस्कार के बताए फायदे

झज्जर, 14 फरवरी। बसंत पंचमी के अवसर पर आयुष विभाग के तत्वाधान में जिले के गांव माजरा डी स्थित जटेला धाम में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कैंप का शुभारंभ जटेला धाम के महंत राजेंद्र दास द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। जिला आयुष अधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि डीसी कैप्टन शक्ति सिंह के दिशा निर्देशन में आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य शिविर में घर की रसोई में पाए जाने वाले मसाले की औषधीय उपयोगिता के प्रति जागरूक करने के लिए प्रदर्शनी लगाई गई। शिविर में आयुष चिकित्सक डॉ प्रमोद डॉक्टर, डॉ प्रदीप व मनीष द्वारा आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति से रोगियों की जांच करने उपरांत नि:शुल्क औषधि वितरित की गई। इस शिविर के इंचार्ज तथा जिला योग संयोजक डॉ पवन कुमार द्वारा बताया गया की हरियाणा योग आयोग तथा आयुष विभाग हरियाणा के सहयोग से हर घर परिवार सूर्य नमस्कार का आयोजन जिला झज्जर में एक फरवरी से 20 फरवरी 2024 तक किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत जिला झज्जर के सभी सरकारी तथा प्राइवेट स्कूलों में प्रत्येक गांव में तथा शहरों में सूर्य नमस्कार का अभ्यास करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसकी निरंतरता में इस शिविर में सूर्य नमस्कार के लिए 300 लोगों का रजिस्ट्रेशन किया गया तथा सूर्य नमस्कार का अभ्यास करवाया गया। इसके अलावा शिविर में शामिल लोगों को सूर्य नमस्कार के फायदों से अवगत करवाया गया। सूर्य नमस्कार से शरीर में लचीलापन हृदय के कार्य करने की क्षमता बढ़ती है मांसपेशियों में मजबूती तथा संपूर्ण शरीर में रक्त संचालन की प्रक्रिया सुचारू रूप से कार्य करती है। आयुर्वेद में वर्णित ऋतुचर्या के अनुसार स्वस्थ रहने के लिए बसंत ऋतु के आगमन पर व्यायाम भोजन तथा दिनचर्या के विषय में लोगों को जानकारी दी गई। शिविर में करीब 450 लोगों की जांच की गई तथा निशुल्क औषधीय वितरित की गई। इस अवसर पर आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट सतीश, उज्जवल तथा होम्योपैथिक फार्मासिस्ट दीपक योग विशेषज्ञ बलदेव एवं आयुष योग सहायक गीता, सपना तथा प्रदीप ने अपना योगदान दिया साथ ही धाम की ओर से करतार सिंह, सतबीर ठेकेदार, दर्शन, रघबीर, अमित शर्मा, ईश्वर, जयसिंह, अशोक, अभिमन्यु सहित मुकेश व साधु भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *