February 18, 2026

खडूर साहिब में थार पर आए हमलावरों ने सरपंच पर चलाई गोलियां

आरोपियों से अकेला भिड़ गया रिटायर्ड फौजी

खडूर साहिब: पंजाब के खडूर साहिब में कुछ बदमाशों ने गांव के सरपंच पर हमला कर दिया। आरोपियों ने सरपंच को जान से मारने की नीयत से उसपर गोलियां भी चलाई। वहीं, सरपंच आरोपियों से भिड़ गया। खडूर साहिब के थाना श्री गोइंदवाल साहिब के गांव भट्ठल सहजा सिंह के सरपंच जस्सा सिंह सिद्धू पर थार सवार आरोपियों ने गोलियां चलाईं। सरपंच ने हमलावरों का डटकर मुकाबला किया। इस दौरान पिस्टल से चलाई गई सभी गोलियां आसमान की तरफ निकलती रहीं। इतने में आरोपियों ने सरपंच पर लाठियों से हमला कर दिया, उनको घायल अवस्था में अस्पताल दाखिल करवा दिया गया है। आम आदमी पार्टी के सरपंच जस्सा सिंह सिद्धू ने बताया कि वह ट्रांसपोर्ट का कारोबार करते हैं। पंचायत के चुनाव में वह आम आदमी पार्टी की तरफ से सरपंच का चुनाव लड़े। चुनाव जीतने के बाद लगातार उन्हें धमकाया जा रहा था, परंतु उन्होंने मामले को हल्के में लिया। शुक्रवार को सरपंच जस्सा सिंह सिद्धू गांव चंबा की तरफ जा रहे थे रास्ते में थार पर सवार आठ आरोपियों ने विदेशी पिस्टल से करीब 6 गोलियां चलाईं। फौज से रिटायर्ड सरपंच ने पिस्टल वाले हमलावर का डटकर मुकाबला किया और सभी गोलियां आसमान की ओर निकल गई। इतने में जस्सा सिंह सिद्धू पर अन्य आरोपियों ने बेसबॉल से हमला किया। हमले में घायल जस्सा सिंह सिद्धू को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना मिलते ही डीएसपी अतुल सोनी, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रभजीत सिंह गिल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *