प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए 31 तक करें ऑनलाइन आवेदन : डीसी
विजेता बच्चे को पुरस्कार स्वरूप मिलेगी एक लाख की राशि, मेडल, प्रमाण-पत्र और प्रशस्ति पत्र
झज्जर , डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार, 2024 के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त, 2023 निर्धारित की हुई है। अवार्ड की घोषणा 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के अवसर पर की जाएगी। पुरस्कार के तहत एक पदक, एक लाख रुपए नकद व प्रमाणपत्र और प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे। जिलाभर के पुरस्कार के पात्र बच्चे इसके लिए आवेदन करें,जिसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारी बच्चों से आवेदन प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी कराएं। डीसी कैप्टन शक्ति सिंह महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव की वीसी उपरांत संबंधित अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
डीसी ने शिक्षा,खेल,विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इन क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभाने वाले बच्चों को चिन्हित करते हुए पुरस्कार के लिए निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन आवेदन भारत सरकार की वेबसाइट अवार्डस डॉट जीओवी डॉट इन पर कराना सुनिश्चित करें,ताकि अपने जिले बहादुर बच्चे राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए चयनित हो पाएं।
डीसी ने बताया कि बाल पुरस्कार को दो श्रेणियों नामत: बाल वीरता पुरस्कार व बाल उत्कृष्टता पुरस्कार में विभाजित किया गया है। दोनों श्रेणियों में कुल 25 बच्चों का चयन किया जाएगा। दोनों ही पुरस्कारों में एक-एक लाख रुपए की राशि एवं एक मैडल सहित प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
डीसी ने बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (पीएमआरबीपी) का आयोजन बच्चों की ऊर्जा, दृढ़ संकल्प, क्षमता, उत्साह और दूसरे बच्चों को बहादुरी के लिए प्रेरित करने के लिए किया जाता है। यह पुरस्कार बहादुरी, खेल, सामाजिक सेवा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, कला एवं संस्कृति और नवाचार के क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि के लिए दिए जाते हैं। उन्होंने कोई भी बच्चा, जो भारत का नागरिक है और आवेदन देने की अंतिम तारीख तक उम्र 18 साल से अधिक नहीं है, पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकता है।
डीसी ने पुरस्कार के पात्र जिलाभर के बच्चों से आह्वान किया कि वे पीएम राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए आवेदन अवश्य करें। इस अवसर सीईओ जिला परिषद डॉ सुभिता ढ़ाका,डीईओ राजेश कुमार, डीई ईओ सुभाष भारद्वाज, डीआईओ अमित बंसल, डीआईपीआरओ सतीश कुमार, महिला एवं बाल विकास अधिकारी प्रियंका रानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
