February 17, 2026

लोक कलाकार यूनिट व कलाकारों के लिए सूचीबद्ध आधार पर आवेदन आमंत्रित : डीआईपीआरओ

झज्जर,29 अगस्त। सूचना, लोक संपर्क, भाषा तथा संस्कृति विभाग, हरियाणा द्वारा जिला झज्जर सहित अंबाला, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, जींद, कैथल, कुरूक्षेत्र नारनौल, नूहं, पलवल, पानीपत, पंचकूला, सिरसा, सोनीपत व यमुनानगर में लोक कलाकार यूनिटों तथा लोक कलाकारों को सूचीबद्ध आधार पर रखने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। सूचीबद्धता तीन वर्ष के लिए होगी। डीआईपीआरओ सतीश कुमार ने यह जानकारी मंगलवार को यहां दी। उन्होंने बताया कि सूचना, लोक संपर्क, भाषा तथा संस्कृति विभाग हरियाणा के महानिदेशक डा. अमित कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पार्टी व कलाकारों को सूचीबद्ध किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से पार्टी व कलाकारों को निर्धारित दर से मानदेय का भुगतान भी किया जाएगा। पार्टी व कलाकारों को इस प्रकार दिया जाएगा मानदेय डीआईपीआरओ ने बताया कि पहली श्रेणी में ड्रामा यूनिटें जिसमें लोक नाटक पार्टियों व नाटक संगीत इत्यादि शामिल हैं। इस श्रेणी की पार्टी में 10 से 15 कलाकार होंगे जिनको 5510 रूपए प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। दूसरी श्रेणी में सांस्कृतिक मंडलियां जिसमें सामूहिक कार्यक्रम जिसमें संगीत, लोक नृत्य तथा अन्य विविध कार्यक्रम इत्यादि शामिल हैं। इस श्रेणी की पार्टी में 10 से 15 कलाकार होंगे जिनको 5510 रूपये प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। तीसरी श्रेणी में लोक कलाकार मण्डली/ पार्टी जिसमें भजन पार्टी, परम्परागत लोक गायन पार्टी / आलहा / जंगम और कठपुतली पार्टी इत्यादि शामिल हैं। इस श्रेणी की पार्टी में 3 से 5 कलाकार होंगे जिनको 1378 रूपये प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। चौथी श्रेणी में एकल कलाकार जिसमें नाटक कलाकार, लोक गायन तथा संगीतकार, तबला वादक, ढोलक वादक, हारमोनियम वादक, बेंजू वादक, बीन वादक, बांसुरी वादक तथा क्लारनेट वादक इत्यादि शामिल हैं। एकल कलाकार को 458 रूपये प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। उपरोक्त दरों में एक वर्ष बाद 5 प्रतिशत प्रतिवर्ष की दर से वृद्धि की जाएगी। आवेदन जमा कराने की अंतिम तिथि 20 सितंबर डीआईपीआरओ सतीश कुमार ने बताया कि जो पार्टी/ मण्डली / कलाकार अपने कार्य में दक्ष हों और वह विभाग द्वारा निर्धारित शर्तों को पूरा करते/करती हों, ऐसी पार्टियां /मण्डली या कलाकार अपना आवेदन सम्बन्धित जिला में स्थित जिला सूचना एवं जन सम्पर्क अधिकारी कार्यालय में 20 सितंबर 2023 तक जमा करवा सकते हैं। सूचीबद्धता की शर्तें एवं आवेदन फार्म का प्रारुप संबंधित जिला सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी झज्जर के कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। शर्तों एवं आवेदन का प्रारूप विभागीय वेबसाइट prharyana.gov.in/en पर भी उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *