September 16, 2024

कद के मुताबिक पद न मिलने से भाजपा छोड़ने की तैयारी में है अपर्णा यादव?

नई दिल्ली: मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव को उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य महिला आयोग का उपाध्यक्ष बनाया था। वह समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थीं। महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान और आयोग के 25 सदस्यों ने अपना ऑफिस ज्वाइन कर लिया है। अपर्णा यादव के साथ उपाध्यक्ष बनाई गई चारू चौधरी ने भी ऑफिस ज्वाइन कर ली है। लेकिन अपर्णा यादव अब तक ऑफिस ज्वाइन नहीं की। बताया जा रहा है अपर्णा यादव नाराज हैं। उनका मानना है कि उनके कद के मुताबिक पद नहीं दिया गया है। फिलहाल इसको लेकर वह सार्वजनिक बयान नहीं दे रही हैं। अपर्णा यादव 2022 में ही भाजपा में शामिल हुई थीं। वह लगातार भाजपा के लिए प्रचार भी करते रही। कई बार उनके चुनाव लड़ने की भी खबरें आईं। लेकिन भाजपा में शामिल होने के ढाई साल बाद उन्हें कोई जिम्मेदारी दी गई जिससे वह खुश दिखाई नहीं दे रही हैं। अपर्णा यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे प्रतीक यादव की पत्नी हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी की टिकट पर लखनऊ कैंट से चुनाव भी लड़ा था। हालांकि वह रीता बहुगुणा जोशी से हार गई थीं। खबर यह भी है कि अपर्णा यादव आज नई दिल्ली जा सकती है जहां वह भाजपा के बड़े नेताओं से मुलाकात करेंगी। हालांकि भाजपा के नेताओं की ओर से उनकी नाराजगी को खारिज किया जा रहा है। खबर तो यह भी है कि अपर्णा यादव ने अपने छोटे ससुर और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव से मुलाकात भी की है। इसी के बाद उनके फिर से समाजवादी पार्टी में लौटने की चर्चा तेज हो गई है। सियासी चर्चाओं के मुताबिक डिंपल यादव से भी उनकी मुलाकात हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *