March 14, 2026

राज्यस्तरीय पशु मेले में पशुपालक पा सकते हैं लाखों रुपए के पुरस्कार : डॉ. मनीष डबास

झज्जर, जिला महेंंद्रगढ़ के गांव जांट पाली स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में 24 से 26 फरवरी तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय पशुधन-प्रदर्शनी मेले में पशुपालक लाखों रुपए के पुरस्कार पा सकते हैं। पशुपालक इस मेले में भाग लेने के लिए अपने नजदीक पश चिकित्सक से संपर्क करें। पशु प्रदर्शनी में शामिल होने वाले पशुपालकों के लिए पशुपालन विभाग द्वारा निशुल्क परिवहन की सुविधा की गई है। प्रतिदिन पशुपालकों की सुविधा के अनुरूप जिला के अलग -अलग स्थानों से 15 बसों की सुविधा मिलेगी। पशुपालन विभाग के उप निदेशक डॉ. मनीष डबास ने जानकारी देते हुए बताया कि पशुधन प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर से पशुपालक अपने अपने उत्तम नस्ल के पशु लेकर आएंगे। इस मेले में लाखों लोग शामिल होंगे। प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न श्रेणी के उत्तम नस्ल के पशु देखने को मिलेंगे और पशुपालकों का ज्ञान वर्धन होगा। उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शनी में विजेताओं को लाखों रूपये के ईनाम दिए जाएंगे। इसमें साथ- साथ विशेषज्ञों द्वारा पशुपालकों को सरकार/विभाग की नवीनतम जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। तीन दिवसीय इस मेले में उत्तम नस्लों के शानदार पशुओं की प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। पशुपालन, कृषि, बागवानी व मछली पालन आदि से सम्बंधित आधुनिक तकनीकों, उत्पादों व यंत्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी तथा विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जाएंगी। विजेता पशुओं के मालिकों को लाखों रूपये के आकर्षक ईनाम प्रतिदिन लक्की ड्रॉ द्वारा दिए जाएंगे, जिसमें बुलेट मोटरसाइकिल, स्कूटी आदि ईनाम शामिल हैं। इसके अलावा इस दौरान पशुपालकों के मनोरंजन के लिए लोक कलाकारों द्वारा हरियाणवी नृत्य, रागनी की प्रस्तुति दी जाएगी। उन्होंने पशुपालकों से मेले में बढ़चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *