February 19, 2026

जो गंवाया है उसे जल्द हासिल करेंगे: अमित शाह

बोले, कश्मीर भारत का अविभाज्य अंग था, है और हमेशा रहेगा

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज पाक अधिकृत कश्मीर का नाम लिए बिना कहा कि जो हमने गंवाया वो जल्द हासिल कर लेंगे। शाह ने यह भी कहा कि अगर भारत को समझना है तो भारतीय दृष्टिकोण और हमारे देश को जोड़ने वाले तथ्यों को समझना होगा।

उन्होंने इतिहास से हुई छेड़छाड़ के बारे में खुलकर अपनी बात रखी। शाह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के इतिहास के साथ यही हुआ। यहां किसने शासन किया, कौन रहा, किसने क्या अनुबंध किया, इसके आधार पर तथ्यों को तोड़ मरोड़कर पेश किया गया। कश्मीर कहां था और लद्दाख कहां था, इसकी मीमांशा करना मेरे हिसाब से बेमानी है। ऐसा इतिहास का वक्र दृष्टि से देखने वाले इतिहासकार ही कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि भारत के कोने-कोने में जो संस्कृति, भाषा, हमारी लिपियां, अध्यात्म के विचार, तीर्थस्थलों की कला, व्यापार और वाणिज्य बिखरा पड़ा है, वो कम से कम 10 हजार साल से कश्मीर में उपस्थित है। वहीं से देश के बहुत सारे हिस्से में आया। जब यह बात सिद्ध होती है तो कश्मीर का भारत के साथ जुड़ाव का प्रश्न ही बेमानी हो जाता है।

उन्होंने कहा कि लगभग 8000 साल पुराने ग्रंथों में कश्मीर और झेलम का जिक्र है। तब यह कोई नहीं कह सकता कि कश्मीर किसका है। कश्मीर भारत का अविभाज्य अंग पहले भी था, आज भी है और हमेशा रहेगा। इसे कोई कानून की धाराओं से अलग नहीं कर सकता है। कानून की धारा का इस्तेमाल करके प्रयास भी किया गया। आखिर में उस धारा को निरस्त कर दिया गया और सभी बाधाओं को दूर कर दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री ने नई दिल्ली में एक पुस्तक के विमोचन के दौरान यह बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *