February 19, 2026

नक्सलियों के खिलाफ अब आक्रामक अभियान : अमित शाह

नई दिल्ली: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि सुरक्षा बल अब नक्सलियों के खिलाफ रक्षात्मक कार्रवाई के बजाय आक्रामक अभियान चला रहे हैं और हाल के समय में उन्होंने बड़ी सफलता हासिल की है। शाह ने नक्सलवाद से प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों एवं शीर्ष अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति में सुधार के चलते पिछले लोकसभा चुनाव में 70 प्रतिशत तक मतदान हुआ। इससे पहले इस क्षेत्र में एक भी मत नहीं पड़ा था।

छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों द्वारा 31 नक्सलियों को मार गिराए जाने के कुछ दिनों बाद आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में नक्सल-विरोधी अभियानों और प्रभावित क्षेत्रों में की गई विकास पहलों पर चर्चा की गई। शाह ने नक्सलियों को विकास के मार्ग में सबसे बड़ी बाधा बताते हुए कहा कि वे मानवाधिकार के सबसे बड़े उल्लंघनकर्ता हैं, जो आठ करोड़ से अधिक लोगों को विकास और बुनियादी कल्याण के अवसरों से वंचित कर रहे हैं।नक्सलवाद के खतरे से प्रभावित राज्यों में छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार, आंध्र प्रदेश और मध्यप्रदेश शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की रणनीति के कारण नक्सली हिंसा में 72 प्रतिशत की कमी आई है। वर्ष 2010 की तुलना में 2023 में नक्सली हमलों में मरने वालों की संख्या में 86 प्रतिशत की कमी आई है। नक्सली अब अपनी अंतिम लड़ाई लड़ रहे हैं।

नक्सलवाद प्रभावित राज्यों को विकास सहायता प्रदान करने में शामिल केंद्रीय मंत्रियों ने भी बैठक में भाग लिया। साथ ही केंद्र, राज्यों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *