सभी नव निर्वाचित प्रतिनिधि हरियाणा प्रदेश की इस समृद्धि के प्रहरी बने हैं
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शहरी स्थानीय निकायों के नव निर्वाचित जन प्रतिनिधियों से आह्वान करते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किये गए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जागरुकता बढ़ाने, स्वच्छता अभियान को गति देने सहित नशे के विरुद्ध चल रहे निर्णायक युद्ध में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मिशन मोड में कार्य करने का संकल्प ले।
मुख्यमंत्री आज पंचकूला में आयोजित शहरी स्थानीय निकायों के नवनिर्वाचित महापौरों, नगर परिषद व नगर पालिकाओं के अध्यक्षों और सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे।
नगरों को प्रदेश व देश की शान बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बाहर से आने वाले लोग वहां के विकास को देखकर ही शहर की समृद्धि का आकलन करते हैं। इस दिशा में सभी नव निर्वाचित प्रतिनिधि हरियाणा प्रदेश की इस समृद्धि के प्रहरी बने हैं। उन्होंने कहा कि शहरों में सरकार के विकास कार्यों को अमली जामा पहनाने का दायित्व आप सभी के कंधों पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार वे प्रदेश के 2 करोड़ 80 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं उसी प्रकार लोकतंत्र में जनता ने आपको अपने वार्ड का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुनकर भेजा है। इसलिए छोटी सरकार के सभी प्रतिनिधि विकास कार्यों को बिना भेदभाव के धरातल पर उतारने का काम करें।
ईमानदारी और पारदर्शिता को सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों प्रदेश के विकास के लिए 2,0,5000 करोड़ से ज्यादा का बजट पेश किया गया है और उसका एक बड़ा हिस्सा सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सहयोग से हरियाणा के विकास पर खर्च होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर, विकसित और आधुनिक भारत के निर्माण में हरियाणा का स्थान और योगदान महत्वपूर्ण रहने वाला है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल कौशिक, परिवहन मंत्री अनिल विज, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, सेवा मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर, खेल मंत्री गौरव गौतम, कालका की विधायिका श्रीमती शक्ति रानी शर्मा, पूर्व विधायक ज्ञानचंद गुप्ता, मेयर कुलभूषण गोयल, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित रहे।
