खतरे की घंटी, पंडोह डैम से छोड़ा जा रहा 21400 क्यूसेक पानी
एसडीएम सदर मंडी ने लोगों से नदी के किनारे न जाने की अपील
मंडी – हिमाचल में मंडी जिला में पिछले तीन दिनों से बारिश का क्रम लगातार जारी है। ऐसे में पंडोह डैम से पानी छोड़े जाने के बाद ब्यास नदी का जल स्तर बढ़ना शुरू हो गया है। नदी का जलस्तर बढ़ते ही सुकेती खड्ड व ब्यास नदी के तट पर बने पंचवक्त्र महादेव मंदिर की पौड़ियों तक ब्यास नदी का पानी पहुंच गया है।
बीबीएमबी प्रबंधन द्वारा पंडोह डैम से 21400 क्यूसेक प्रति सेकेंड पानी छोड़ा जा रहा है। डैम के 4 और 5 नंबर के गेट से यह पानी छोड़ा जा रहा है। बीबीएमबी प्रबंधन की माने तो शनिवार सुबह लारजी डैम के गेट नौ मीटर तक खोले गए थे जिसके पश्चात ही सुबह सात बजे से पंडोह डैम के दो गेट खोले गए हैं। एसडीएम सदर मंडी ओमकांत ठाकुर ने ब्यास नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से नदी के किनारे न जाने की अपील की है।
वहीं, बीबीएमबी पंडोह के अधिशाषी अभियंता ई. विवेक चोपड़़ा ने बताया कि पंडोह डैम में 29248 क्यूसेक प्रति सेकेंड पानी पहुंच रहा है जिसमें से 21400 क्यूसेक प्रति सेकेंड की दर से पानी छोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंडोह डैम में पानी की स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है, लोगों को घबराने की जरूरत नहीं बल्कि नदी किनारे से दूर रहना चाहिए।
