February 19, 2026

केजरीवाल के साथ गठबंधन कांग्रेस की एक भूल थी: अजय माकन

नई दिल्ली: दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने पार्टी नेता अजय माकन और अन्य सदस्यों के साथ बुधवार को ‘मौका मौका हर बार धोखा’ शीर्षक से एक पुस्तिका लॉन्च की। इस पुस्तिका का उद्देश्य दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) दोनों सरकारों की विफलताओं और अधूरे वादों को उजागर करना है। इस दौरान कांग्रेस नेता अजय माकन ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा।

माकन ने साफ तौर पर कहा कि केजरीवाल को अगर एक शब्द में परिभाषित किया जा सकता है तो वह शब्द है फर्जीवाल। इस व्यक्ति की घोषणाएं सिर्फ फर्जीवाड़ा हैं, उसके अलावा और कुछ नहीं हैं। माकन ने कहा कि अगर वह (केजरीवाल) इतने गंभीर हैं तो पंजाब में इन कामों को करके दिखाएं क्योंकि वहां तो कोई उपराज्यपाल भी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया, वह एंटी नेशनल हैं, उनकी कोई विचारधारा नहीं है सिवाय अपनी निजी महत्वाकांक्षा के। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, केजरीवाल की पार्टी का जन्म लोकपाल और जनलोकपाल के लिए हुआ था।

कांग्रेस नेता ने कहा कि दिल्ली सरकार कहती है कि हम काम की राजनीति करते हैं, लेकिन सच्चाई है कि ये काम की राजनीति भी नहीं करते। जेब में 2 रुपए का पेन रखते हैं, पार्टी का नाम आम आदमी रखा है, लेकिन राजा की तरह शीशमहल में रहते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार एक-दूसरे पर आरोप लगाती रहती है, जबकि परेशान जनता होती है, जो इन दोनों के बीच फंसी है। इन दोनों सरकारों ने बीते कई वर्षों में दिल्ली को नफरत का बाजार बना दिया है। यहां बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और दिल्ली को बनाने वाले लोगों के सम्मान से लगातार समझौता किया गया है।

माकन ने कहा, हमारी पार्टी में सभी को अपने अपने विचार रखने की आजादी है। मेरा मानना है कि दिल्ली की आज जो दुर्दशा है और कांग्रेस इतनी कमजोर हुई है, तो इसकी वजह यह है कि 2014 में हमने उनका 40 दिनों के लिए समर्थन किया था। दिल्ली की दुर्दशा का एक सबसे बड़ा कारण यही है। माकन ने कहा, मेरा मानना है कि लोकसभा चुनावों में दोबारा गठबंधन करके एक भूल हुई है और उसे सुधारना जरूरी है। मैं कभी भी इस बात का पक्षधर नहीं रहा हूं कि केजरीवाल जैसे व्यक्ति पर भरोसा किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *