February 18, 2026

बाढड़़ा हलके की समस्याओं को बाकी नहीं रहने दिया जाएगा-कृषि मंत्री जेपी दलाल

कृषि मंत्री ने जनसंवाद कार्यक्रमों में जनशिकायतों का निवारण किया
बाढड़़ा,
कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा है कि बाढड़़ा तहसील का जो मुआवजा वापस राजस्व विभाग भेज दिया गया था, उसकी 19 करोड़ रुपए की राशि एक-दो दिन में फिर से आ जाएगी और मुआवजा लेने से वंचित रह गए किसानों में बांट दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल किसानों के सबसे बड़े हितैषी हैं।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल बाढड़ा हलका के गांव जीतपुरा, लाड व कारी धारणी में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे थे। पूर्व विधायक सुखविंद्र सिंह मांढी, एसडीएम डा. विरेन्द्र सिंह व अनेक अधिकारी तथा पंचायत प्रतिनिधि उनके साथ मौजूद रहे। कृषि मंत्री ने सामूहिक व व्यक्तिगत जनसमस्याओं की सुनवाई करते हुए कहा कि फसल बीमा योजना, सरकारी मुआवजा आदि के सभी मामलों का समाधान किया जा रहा है। राजवीर, राजेश आदि जीतपुरा के किसानों ने बताया कि कपास की फसल में पानी भर जाने से करीब 15 -20 एकड़ में नुकसान हो गया है। कृषि मंत्री ने आदेश दिए कि ई क्षतिपूर्ति पोर्टल से इस समस्या का समाधान करवाया जाए। इसी गांव में चल रहे 14 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को व्यवसायिक प्रशिक्षण दिलवाने के उन्होंने बीडीपीओ मनोज कुमार को निर्देश दिए। कृषि मंत्री ने ग्रामवासियों की मांग पर मानदंड पूरे पाए जाते हैं तो गांव काकड़ौली हुकमी में पशु अस्पताल बनवाने का आश्वासन दिया।
जीतपुरा के बाद गांव लाड में कृषि मंत्री ने अधिकारियों के साथ ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। यहां उन्हें शमशेर नामक एक किसान ने बताया कि डेढ़ एकड़ भूमि में बिजली की तारों से उसकी गेहूं की फसल जल गई थी, जिसका आज तक कोई मुआवजा नहीं मिला है। कृषि मंत्री ने कहा कि ऐसी किसी योजना का प्रावधान नही है, फिर भी वे उसे अपनी ओर से पचास हजार की राशि प्रदान करेंगे। एक युवक ने कहा कि उसको भिवानी एक निजी अस्पताल में आयुष्मान का लाभ नहीं मिला। कृषि मंत्री ने इस मामले की जांच के आदेश दिए। ग्रामीणों ने मांग रखी कि लाड गांव में चकबंदी का काम पूरा नहीं हुआ है। कृषि मंत्री ने चकबंदी के तहसीलदार को तुरंत कार्य पूरा करवाने के निर्देश दिए।
गांव कारीधारणी के राजकीय विद्यालय में एचसीएस अधिकारी मनोज दलाल और उनकी टीम ने कृषि मंत्री का भव्य स्वागत किया। यहां मंत्री जेपी दलाल ने एक वाटर कूलर का शुभारंभ किया। इस जनसभा में कृषि मंत्री ने कहा कि बाढड़ा हलका उनका अपना क्षेत्र है और यहां के किसानों की सहायता के लिए वे सदैव तत्पर हैं। उनका जगह-जगह पगड़ी व फूलमालाओं से स्वागत किया गया। कृषि मंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया तथा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह मांढी ने कहा कि सरकार ने फसलों की मुआवजा राशि 12 हजार से बढ़ाकर अब 15 हजार रूपए प्रति एकड़ कर दी है। मौजूदा शासनकाल में युवाओं को मेरिट के आधार पर नौकरियां दी जा रही हैं।
इस मौके पर लोहारू जलसेवा मंडल के अधीक्षण अभियंता बलराज चौहान, डीएसपी देशराज, तहसीलदार अनिल कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी ओमप्रकाश, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डा. जसवंत जून, डा. चंद्रभान श्योराण, एसडीओ डा. कृष्ण कुमार, जिला कल्याण अधिकारी विनोद चावला, पंचायत विभाग के कार्यकारी अभियंता श्यामलाल, अशोक कुमार, मा. शमशेर सिंह, चेयरमैन आनंद फौजी, पूर्व चेयरमैन भलेराम, कर्मबीर नांधा, राजबाला श्योराण, जयबीर ठेकेदार, संदीप धनखड़, मंजीत सैन इत्यादि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *